US-चीन की चिप वॉर में फंसी दुनिया, 5 देशों पर लगी बैन; AI कंपनियों की बढ़ेगी मुश्किलें
अमेरिका और चीन के बीच चिप वॉर तेज हो गई है. अमेरिका ने चीन तक एडवांस्ड AI चिप्स की अप्रत्यक्ष पहुंच रोकने के लिए मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और ब्राजील के लिए निर्यात नियम सख्त किए हैं.
अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी वर्चस्व की लड़ाई अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है. दोनों देशों के बीच चल रही चिप वॉर का असर अब दुनिया के दूसरे देशों पर भी दिखाई देने लगा है. अमेरिका ने चीन तक एडवांस्ड AI चिप्स की पहुंच रोकने के लिए पांच देशों को लेकर एक्सपोर्ट नियम सख्त कर दिए हैं.
इनमें मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और ब्राजील शामिल हैं. अमेरिका के इस कदम का मकसद विदेशी डेटा सेंटर और क्लाउड कंपनियों के जरिए चीन को अमेरिकी तकनीक हासिल करने से रोकना है. हालांकि, इस फैसले से वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन और AI इंडस्ट्री में निवेश पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
अमेरिका ने 5 देशों पर क्यों लगाया शिकंजा?
जेफरीज की 19 नवंबर की GREED & fear रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS) ने इन पांच देशों को भेजे जाने वाले एडवांस्ड AI चिप्स के लिए एक्सपोर्ट लाइसेंसिंग की शर्तें लागू की हैं. कुछ निर्धारित निर्यात को इसमें छूट दी गई है.
Also Read
अमेरिका को आशंका है कि चीनी कंपनियां सीधे अमेरिकी चिप्स नहीं खरीद पाने के बावजूद दूसरे देशों के डेटा सेंटर और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए इनका इस्तेमाल कर रही हैं. इसी अप्रत्यक्ष पहुंच को रोकने के लिए नए नियम लाए गए हैं. अमेरिका चाहता है कि उसकी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल चीन की AI क्षमताओं को मजबूत करने में न हो.
विदेशी डेटा सेंटर से चीन तक पहुंच रही थीं AI चिप्स?
अमेरिका की चिंता की एक बड़ी वजह विदेशी डेटा सेंटर के जरिए चीनी कंपनियों को मिल रही कंप्यूटिंग क्षमता है. जेफरीज की रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, 2024 में प्रतिबंध लागू होने के बाद से करीब 2.40 लाख Nvidia AI चिप्स चीन भेजे गए होंगे.
रिपोर्ट में इंस्टीट्यूट फॉर प्रोग्रेस के अनुमानों का भी जिक्र है. इसके मुताबिक, सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड अलीबाबा और अन्य चीनी ग्राहकों को लगभग 86 हजार ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स यानी GPU किराये पर उपलब्ध करा रही है. अमेरिका के नए नियमों का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाना और अप्रत्यक्ष रूप से चिप्स तक पहुंच को सीमित करना है.
Nvidia और AI कंपनियों पर क्या होगा असर?
अमेरिका के नए प्रतिबंधों से Nvidia जैसी बड़ी चिप कंपनियों के सामने भी चुनौतियां बढ़ सकती हैं. एडवांस्ड चिप्स की बिक्री और विदेशी डेटा सेंटर में उनके इस्तेमाल पर सख्ती का असर AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबार पर पड़ सकता है.
जेफरीज की रिपोर्ट में Nvidia के AI इकोसिस्टम में बड़े वित्तीय निवेश का भी उल्लेख किया गया है. इसके मुताबिक, कंपनी का करीब 61 अरब डॉलर का इक्विटी निवेश और 164.5 अरब डॉलर की लीज गारंटी तथा क्लाउड क्षमता से जुड़ी वित्तीय प्रतिबद्धताएं हैं.
अगर AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फंडिंग कम होती है तो छोटी क्लाउड कंपनियों पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है. ये कंपनियां एडवांस्ड चिप्स पर काफी हद तक निर्भर हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, AI इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी CoreWeave के शेयरों में Nvidia से जुड़े घटनाक्रम के बाद करीब 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, इसके बॉन्ड की यील्ड बढ़कर 15.7 फीसदी तक पहुंच गई. इससे AI सेक्टर में निवेश से जुड़े जोखिमों को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं.
क्या चीन खुद बना सकेगा एडवांस्ड चिप्स?
अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच चीन अपनी सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को मजबूत करने में जुटा है. उसका लक्ष्य चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, मशीनों और जरूरी कच्चे माल के मामले में आत्मनिर्भर बनना है. चिप डिजाइन के क्षेत्र में हाईसिलिकॉन, कैम्ब्रिकॉन और लूंगसन जैसी कंपनियां काम कर रही हैं. वहीं, SMIC और हुआ होंग सेमीकंडक्टर चिप निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इसके अलावा नौरा और AMEC जैसी कंपनियां सेमीकंडक्टर उपकरण तैयार करती हैं. NSIG और झोंगहुआन सेमीकंडक्टर जैसी कंपनियां जरूरी सामग्री के क्षेत्र में काम कर रही हैं.
अनुमान के मुताबिक, 2025 में चीन का सेमीकंडक्टर उपकरण बाजार करीब 49 अरब डॉलर और सामग्री बाजार करीब 16 अरब डॉलर का हो सकता है. यह आंकड़ा दिखाता है कि चीन अपनी घरेलू सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए कितने बड़े स्तर पर काम कर रहा है.
AI इंडस्ट्री के लिए क्यों बढ़ सकती है मुश्किल?
अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती चिप वॉर का असर केवल इन दोनों देशों तक सीमित नहीं रहने वाला है. दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश प्रभावित हो सकता है. कंपनियों को नए लाइसेंस, सरकारी नियमों और निर्यात संबंधी शर्तों का पालन करना होगा.
एक तरफ अमेरिका अपनी तकनीक को चीन से सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी तरफ चीन घरेलू चिप इंडस्ट्री को मजबूत करने में जुटा है. ऐसे में आने वाले समय में सेमीकंडक्टर बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है. इसका असर AI तकनीक की लागत, निवेश और वैश्विक सप्लाई चेन पर देखने को मिल सकता है.