तूफान में फंसी फ्लाइट, 3 बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम; यात्रियों में मची चीख-पुकार
इस्तांबुल से ट्यूनीशिया जा रही तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट में लैंडिंग के समय अफरा-तफरी मच गई. विमान जब ट्यूनिस-कार्थेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी वह तेज तूफान और खतरनाक टर्बुलेंस की चपेट में आ गया.
नई दिल्ली: इस्तांबुल से ट्यूनीशिया जा रही तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट में लैंडिंग के समय अफरा-तफरी मच गई. विमान जब ट्यूनिस-कार्थेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी वह तेज तूफान और खतरनाक टर्बुलेंस की चपेट में आ गया. विमान के जोर-जोर से हिलने के कारण यात्रियों में डर फैल गया और कई लोग चीखने लगे. यह घटना 10 सितंबर की बताई जा रही है. फ्लाइट में अपनी मां के साथ सफर कर रहीं यात्री मरीना मैस्काया ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया.
विमान के अचानक नीचे गिरने जैसा लगा:
वीडियो में यात्री अपनी सीटों को मजबूती से पकड़े दिखाई दे रहे हैं. विमान के लगातार हिलने के बीच केबिन में लोगों की चीखें भी सुनाई दे रही हैं. यात्रियों के मुताबिक, विमान कुछ सेकंड के लिए इस तरह नीचे जाने लगा, जैसे वह अचानक फ्री फॉल कर रहा हो. मरीना मैस्काया ने बताया कि उड़ान के दौरान सब कुछ सामान्य था. परेशानी उस समय शुरू हुई जब विमान लैंडिंग के लिए नीचे आने लगा.
पायलट ने तीन बार की लैंडिंग की कोशिश:
यात्री के अनुसार, खराब मौसम के बीच पायलट ने ट्यूनिस-कार्थेज एयरपोर्ट पर उतरने की तीन बार कोशिश की. हर बार विमान तेज टर्बुलेंस के कारण बुरी तरह हिल रहा था. तीसरी कोशिश के दौरान स्थिति और ज्यादा डरावनी हो गई. यात्रियों को लगा कि विमान अचानक नीचे गिर रहा है. इस दौरान केबिन में चीख-पुकार मच गई. खराब मौसम के कारण विमान को कुछ समय तक इलाके के ऊपर चक्कर भी लगाना पड़ा.
Also Read
दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया विमान:
जब ट्यूनिस-कार्थेज एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी, तो विमान को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया गया. इसके बाद फ्लाइट को ट्यूनिस से करीब 60 मील दक्षिण में स्थित एनफिधा-हम्मामेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर भेजा गया.
आखिरकार सुरक्षित हुई लैंडिंग:
विमान ने एनफिधा-हम्मामेट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है. हालांकि, तेज तूफान, खतरनाक टर्बुलेंस और तीन बार लैंडिंग की कोशिश के कारण यात्रियों के लिए यह सफर बेहद डरावना अनुभव बन गया.