Asian Games 2026

'उर्जा ठिकानों पर हमले रोकने को राजी हुए दोनों देश? रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं करने पर सहमत हुए हैं. उन्होंने दुनिया में बढ़ती डीजल कीमतों के लिए रूस-यूक्रेन युद्ध को जिम्मेदार ठहराया.

X
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों को निशाना नहीं बनाने पर सहमति जताई है. ट्रंप ने साथ ही दुनिया में डीजल की बढ़ती कीमतों को रूस-यूक्रेन युद्ध से जोड़ते हुए ईरान युद्ध को जिम्मेदार मानने से इनकार किया.

ट्रंप का बड़ा दावा, ऊर्जा ठिकानों पर नहीं होगा हमला

ट्रंप ने Truth Social पर कहा कि यूक्रेन रूसी ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं करेगा और रूस भी इसी तरह की प्रतिबद्धता पर सहमत हुआ है. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उन्होंने एक दिन पहले यूक्रेन की ओर से रूसी तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाए जाने की आलोचना की थी. ट्रंप ने अपने पोस्ट में दुनिया में डीजल की कीमत बढ़ने के पीछे रूस-यूक्रेन युद्ध को मुख्य कारण बताया.

नाटो ने यूक्रेन के समर्थन का दिया संकेत

ट्रंप के बयान के बीच नाटो प्रमुख मार्क रुटे ने यूक्रेन के समर्थन को और मजबूत करने की बात कही. उन्होंने कहा कि रूस की ओर से यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास किए गए ड्रोन हमले चिंता बढ़ाने वाले हैं. रुटे के मुताबिक, नाटो क्षेत्र के करीब हुए हमले रूस की बढ़ती आक्रामकता और दबाव बनाने की कोशिश को दिखाते हैं. उन्होंने साफ कहा कि रूस यूक्रेन के समर्थन में नाटो की एकजुटता को कमजोर नहीं कर पाएगा.


रूस ने हमलों पर दिया दो टूक जवाब

पोलैंड की सीमा के करीब हुए हमले को लेकर रूस ने अपने रुख में कोई नरमी नहीं दिखाई. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन के पूरे क्षेत्र में अपने सैन्य लक्ष्यों को पूरा कर रही है और आगे भी ऐसा करती रहेगी. यह बयान ऐसे समय आया है, जब पोलैंड को आशंका है कि यूक्रेन के सीमावर्ती इलाकों में रूसी हमलों का असर उसकी सुरक्षा पर भी पड़ सकता है.

पोलैंड ने NATO सहयोगियों से मांगा साथ

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि आने वाले सप्ताह और महीने रूस की ओर से तेज सैन्य गतिविधियों वाले हो सकते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इस बढ़ते तनाव का असर पोलैंड के क्षेत्र पर भी पड़ने की आशंका है. टस्क के अनुसार, रूस यूक्रेन के सीमावर्ती इलाकों और सीमा चौकियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है. उन्होंने संभावित स्थिति से निपटने के लिए नाटो सहयोगियों के साथ मिलकर समन्वित जवाब तैयार करने की बात कही.