Commonwealth Games 2026

तख्तापलट के 2 साल बाद पहली बार सामने आएंगी शेख हसीना, दिल्ली से देंगी बड़ा राजनीतिक संदेश

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करीब दो वर्ष बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने आएंगी. 5 अगस्त को नई दिल्ली से होने वाले वर्चुअल कार्यक्रम में वह अपने राजनीतिक भविष्य और बांग्लादेश को लेकर विचार साझा कर सकती हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर दिखाई देने जा रही हैं. 5 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए वह मीडिया और लोगों को संबोधित करेंगी. माना जा रहा है कि इस दौरान वह अपने राजनीतिक भविष्य, बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं और मौजूदा हालात पर अपनी राय रखेंगी. यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब उनके सत्ता से हटने के दो वर्ष पूरे होने वाले हैं.

फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया की ओर से नई दिल्ली में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. 5 अगस्त की शाम होने वाले इस संवाद का आयोजन मथुरा रोड स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम में होगा. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के लोग इसे देख सकेंगे.

दो साल बाद फिर सुनी जाएगी शेख हसीना की आवाज

यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना का लंबा शासन समाप्त हुआ था और उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा था. तब से वह सार्वजनिक मंचों और मीडिया से दूर रही हैं. अब पहली बार वह खुलकर अपनी बात रखने वाली हैं.


कई प्रमुख हस्तियां भी होंगी शामिल

इस कार्यक्रम में शेख हसीना के साथ उनके बेटे और पूर्व आईटी सलाहकार सजीब वाजेद जॉय, पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल, पूर्व क्रिकेटर एवं पूर्व सांसद शाकिब अल हसन और बांग्लादेश मानवाधिकार वॉच के महासचिव मोहम्मद अली सिद्दीकी भी जुड़ेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता एफसीसी साउथ एशिया के अध्यक्ष डॉ. वाएल अव्वाद करेंगे.

बदल चुके हैं बांग्लादेश के राजनीतिक हालात

शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव हुए हैं. अंतरिम सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब वहां बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार है और तारिक रहमान प्रधानमंत्री हैं. नई सरकार पूर्व अवामी लीग नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है.

राजनीतिक संदेश पर रहेगी सबकी नजर

विशेषज्ञों का मानना है कि इस संबोधन में शेख हसीना अपने राजनीतिक रोडमैप और भविष्य की रणनीति पर संकेत दे सकती हैं. बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर उनकी टिप्पणी क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही है. इसलिए इस कार्यक्रम पर बांग्लादेश ही नहीं, दक्षिण एशिया के राजनीतिक हलकों की भी नजर रहेगी.