फ्रांस में हजारों लोग नहीं भर पाए उड़ान, जानें क्यों पैदा हुए 'लॉकडाउन' जैसे हालात
यह हड़ताल न केवल फ्रांस बल्कि पूरे यूरोप में यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें और वैकल्पिक व्यवस्था करें.
फ्रांस में एयर ट्रैफिक कंट्रोल कर्मचारियों की हड़ताल ने हजारों यात्रियों को मुश्किल में डाल दिया है. इस हड़ताल के कारण गुरुवार और शुक्रवार को फ्रांस में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसका असर पूरे यूरोप में देखा जा रहा है. पेरिस और नीस जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों में भारी कटौती हुई है, जिससे यात्रियों की छुट्टियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं.
रायनएयर पर सबसे ज्यादा असर
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सस्ती उड़ानें प्रदान करने वाली एयरलाइन रायनएयर ने बताया कि उसे 170 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। इस रद्दीकरण से 30,000 से ज्यादा यात्रियों की यात्रा योजनाएं बाधित हुई हैं. रायनएयर ने अपने बयान में कहा, “हड़ताल के कारण हमें 170 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं, जिससे 30 हजार से ज्यादा यात्रियों की छुट्टियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं.”
पेरिस और नीस हवाई अड्डों पर उड़ानें ठप
फ्रांस की दो प्रमुख यूनियनों ने कामकाजी परिस्थितियों में सुधार की मांग को लेकर दो दिवसीय हड़ताल शुरू की है. इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर पेरिस के प्रमुख हवाई अड्डों पर देखा गया, जहां एक चौथाई उड़ानें रद्द की गईं. वहीं, नीस हवाई अड्डे पर स्थिति और गंभीर रही, जहां लगभग आधी उड़ानें रद्द कर दी गईं.
सरकार की प्रतिक्रिया
फ्रांस के परिवहन मंत्री फिलिप टैबरोट ने यूनियनों के इस कदम की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने हड़ताल को छुट्टियों के इस महत्वपूर्ण समय में अस्वीकार्य करार दिया। टैबरोट ने कहा, “यूनियनों की मांगों और छुट्टियों के इस महत्वपूर्ण समय में हड़ताल पर जाने के उनके फैसले को अस्वीकार्य बताया है.”