रूस से क्रूड ऑयल खरीदना जारी रखेगा भारत! ट्रंप का दावा, वेनेजुएला से तेल खरीदेगा हिंदुस्तान, ईरान को लेकर क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया है कि भारत समेत कई देश अब वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे. वेनेजुएला ने कानून बदलकर निजी निवेश खोल दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत को मंजूरी दी है, भारत रूस से तेल खरीद कम कर रहा है. पीएम मोदी ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति से बात की है.
नई दिल्ली: यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि भारत वेनेजुएला से तेल खरीदने की तैयारी में है, जो ईरान का एक बेहतर विकल्प है. उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार हैं और हाल ही में कानूनों में सुधार कर निजी कंपनियों के लिए रास्ता भी खोला गया है. यह बयान भारत-अमेरिका व्यापार में चल रहे तनाव के बीच आया है, जहां भारत रूस से तेल खरीदने को लेकर दबाव झेल रहा है. 30 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से फोन पर बात की और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने पर सहमति भी जताई है. अमेरिका ने भी प्रतिबंधों में कुछ ढील दी है.
भारत की तेल विविधीकरण रणनीति
भारत अपनी तेल आपूर्ति को विविध बनाने की कोशिश में लगा हुआ है. वहीं अमेरिका के दबाव में भारतीय रिफाइनरियां रूस से तेल का आयात कम कर रही हैं. हाल में अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25% अतिरिक्त टैक्स लगाया है. ऐसे में वेनेजुएला से तेल खरीद भारत के लिए फायदेमंद सौदा साबित हो सकती है. ट्रंप ने कहा कि भारत वेनेजुएला से तेल खरीदकर ईरान पर निर्भरता घटाएगा. यह कदम दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन सुधार करने में बड़ी मदद कर सकता है.
वेनेजुएला में तेल क्षेत्र के सुधार
हाल ही में वेनेजुएला ने दशकों पुराने सरकारी नियंत्रण को खत्म कर दिया है और तेल क्षेत्र को निजी और विदेशी निवेशकों के लिए खोल दिया है. टैक्स और रॉयल्टी में कमी की गई है, विवादों में अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता की अनुमति भी दी गई है. निजी कंपनियों को अब तेल की खोज, उत्पादन और विपणन में ज्यादा आजादी मिल रही है. यह बदलाव 3 जनवरी को अमेरिका द्वारा निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद किए गए हैं.
मोदी-रोड्रिगेज की बातचीत का असर
30 जनवरी को पीएम मोदी ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से फोन पर बात की. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को सभी क्षेत्रों में मजबूत करने पर भी जोर दिया. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि वे भारत-वेनेजुएला संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. यह बातचीत तेल व्यापार को बढ़ावा दे सकती है. ट्रंप ने एयर फोर्स वन पर कहा कि चाइना भी वेनेजुएला से ऑइल सौदे में शामिल हो सकता है.
अंतरराष्ट्रीय व्यापार में नई संभावनाएं
ट्रंप के इस बयान से स्पष्ट है कि अमेरिका वेनेजुएला को वैश्विक बाजार में वापस लाने की कोशिश कर रहा है. वेनेजुएला के सुधारों से निजी कंपनियां भी उत्साहित हैं, हालांकि, अमेरिकी शर्तों के तहत ही व्यापार किया जाएगा. यह विकास वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित कर सकता है. आने वाले महीनों में सौदों की बारीकियां साफ की जा सकती हैं.