रूस का कीव पर बड़ा हवाई हमला, ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से दहली यूक्रेन की राजधानी

रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़े पैमाने पर हमला किया. जिससे कई रिहायशी इलाकों और इमारतों को नुकसान पहुंचा. साथ ही कई लोग घायल हो गए. हमले के बाद पूरे शहर में एयर रेड सायरन गूंजते रहे और नागरिकों को मेट्रो स्टेशनों व बंकरों में शरण लेनी पड़ी.

X SG(@RealBababanaras)
Shanu Sharma

रूस ने एक बार फिर यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर हवाई हमला करते हुए राजधानी कीव को निशाना बनाया. गुरुवार तड़के शुरू हुए इस हमले में ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. इसे हाल के महीनों के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक माना जा रहा है.
 
मिली जानकारी के मुताबिक हमले के साथ ही पूरे कीव में एयर रेड सायरन बजने लगे. जिसके बाद कई लोग मेट्रो स्टेशन और भूमिगत बंकरों की ओर भागने लगें. रातभर शहर में धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा.

एयर डिफेंस ने पूरी रात किया जवाबी प्रयास

रूसी हमले के दौरान यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली लगातार सक्रिय रही. एयर डिफेंस यूनिट्स ने ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही रोकने का प्रयास किया. आसमान में इंटरसेप्ट की जा रही मिसाइलों की चमक और ट्रेसर फायर रातभर दिखाई देती रही, जिससे राजधानी का आसमान युद्ध क्षेत्र में बदल गया. कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि शहर के कई हिस्सों को एक साथ निशाना बनाया गया. हमलों के कारण विभिन्न इलाकों में आग लग गई, जबकि दमकल और राहत दलों को तत्काल घटनास्थलों पर भेजा गया.

होटल और रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान

हमले के दौरान मध्य कीव के शेवचेंको बुलेवार्ड स्थित एक होटल की ऊपरी मंजिलों में भीषण आग लग गई. आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं और दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया. इसके अलावा एक नौ मंजिला रिहायशी अपार्टमेंट का बड़ा हिस्सा ढह गया.


इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया. बचाव दल ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी रही. हमले की चपेट में एक एंबुलेंस स्टेशन भी आ गया, जहां तैनात एक पैरामेडिक गंभीर रूप से घायल हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार कम से कम 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि राहत और खोज अभियान पूरा होने के बाद घायल और प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ सकती है.