India Bhutan Relations: दो दिन की भूटान यात्रा पर पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को थिंपू ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है. शुक्रवार को उन्हें 'ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. यह सम्मान पाने वाले वह दुनिया के एकमात्र विदेशी राष्ट्राध्यक्ष है. पीएम मोदी को यह सम्मान भारत-भूटान संबंधों के विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान और भूटानी लोगों के लिए उनकी विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया गया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी कि उन्हें भूटान द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' पुरस्कार से सम्मानित होने पर गर्व महसूस हो रहा है. मैं इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करता हूं.
Honoured to be conferred with 'Order of the Druk Gyalpo' Award by Bhutan. I dedicate it to 140 crore Indians. https://t.co/gNa7YlcFfG
— Narendra Modi (@narendramodi) March 22, 2024
भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री मोदी को 'ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' से सम्मानित किया. पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की घोषणा 17 दिसंबर, 2021 को 114वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान भूटान के राजा ने की थी. पीएम मोदी ने अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान इस सम्मान को प्राप्त किया. पीएम पद संभालने के बाद उनकी भूटान की यह तीसरी यात्रा है.
पीएम मोदी को इससे पहले साल 2020 में अमेरिकी सशस्त्र बलों का लीजन ऑफ मेरिट बाय द यूएस गवर्नमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. रूस ने साल 2019 में पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान द ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू पुरस्कार से सम्मानित किया था.