गले मिले प्रेसिडेंट पुतिन और पीएम मोदी, मुलाकात के दौरान नजर आई शानदार केमिस्ट्री
PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर रूस पहुंच गए. इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया. देर शाम पीएम मोदी की मुलाकात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगा लिया. इस दौरान दोनों के बीच गजब की केमिस्ट्री नजर आई.
PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की यात्रा पर रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया. रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव उन्हें रिसीव करने पहुंचे थे. इसके बाद वे अपने होटल के लिए रवाना हो गए. देर शाम जब वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले तो उन्हें गले लगा लिया. पुतिन आमतौर पर बेहद कम नेताओं से ही गले मिलते हैं. कई बार राष्ट्र प्रमुखों से मिलते वक्त काफी दूरी बना लेते हैं. इस बीच भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी शानदार केमिस्ट्री दिखाई दी.
मोदी से क्या बोले पुतिन?
पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान पुतिन ने कहा कि भारत आर्थिक शक्ति के मामले में पांचवें स्थान पर है. वह जनसंख्या के मामले में सबसे बड़ा है. भारत में प्रति वर्ष 23 मिलियन बच्चे पैदा होते हैं. इसका अर्थ है कि भारतीय भविष्य को लेकर योजना बनाते हैं...मैं आपको यहां देखकर बेहद खुश हूं. रूसी प्रेसिडेंट ने कहा कि आपका जीवन लोगों के लिए समर्पित है.
मित्र के घर आना हमेशा बेहतरीन अनुभव: मोदी
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मित्र के घर आना हमेशा बेहतरीन होता है. आपने मुझे रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया. भारत में हाल ही में बेहद महत्वपूर्ण चुनाव पूरे हुए हैं. 65 करोड़ लोगों ने मतदान किया है. मुझे देश की जनता ने तीसरी बार आशीर्वाद दिया है. पीएम मोदी और प्रेसिडेंट पुतिन मंगलवार को द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. सूत्रों के अनुसार, इस दौरान दोनों नेताओं के एजेंडे में आर्थिक और सैन्य मसले प्रमुख होंगे. बातचीत में यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा होने की संभावना है.