बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराकर उड़े विमान के परखच्चे, सामने आया खौफनाक वीडियो
चीन की राजधानी बीजिंग में एक छोटा विमान सिटिक टॉवर से टकरा गया. हादसे के बाद राहत एवं बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. फिलहाल हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है.
बीजिंग के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट स्थित 109 मंजिला सिटिक टॉवर से शुक्रवार को एक छोटे विमान की टक्कर होने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. टक्कर के बाद विमान के परखच्चे उड़ गए और उसके मलबे के टुकड़े इमारत के नीचे गिरते दिखाई दिए. शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के बाद राहत और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
109 मंजिला इमारत से टकराया विमान
बताया जा रहा है कि हादसा बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत सिटिक टॉवर, जिसे 'चाइना जून' के नाम से भी जाना जाता है, में हुआ. करीब 1,700 फीट ऊंची इस इमारत से टकराते ही विमान के परखच्चे उड़ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि इमारत की कुछ खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं और नीचे की ओर धुआं उठता दिखाई दिया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के टुकड़े जमीन पर गिरते और इमारत के एक हिस्से में क्षति दिखाई दे रही है. हालांकि अधिकारियों ने अभी नुकसान की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.
Also Read
उड़ान के दौरान टूटा संपर्क, हादसे की जांच शुरू
स्थानीय मीडिया के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान एक छोटा निजी विमान था. प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि विमान ने उड़ान भरने के कुछ समय बाद वापसी की तैयारी की थी, लेकिन रास्ते से भटक गया. फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम पर उसका सिग्नल बीजिंग की ईस्ट फिफ्थ रिंग रोड क्षेत्र के पास अचानक गायब हो गया, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका. इसके कुछ ही समय बाद विमान के सिटिक टॉवर से टकराने की सूचना मिली. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है.
राहत कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल, चिकित्सा और आपदा राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. पूरे इलाके को घेरकर बचाव और जांच अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों ने अभी तक किसी के घायल होने या मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इमारत के भीतर मौजूद लोगों को कोई नुकसान पहुंचा या नहीं. जांच एजेंसियां विमान के उड़ान रिकॉर्ड, तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.