पाकिस्तान में टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या, पति बोला- पता नहीं था बंदूक में गोली है

राबिया की मौत पर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने दुख जताते हुए इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है, ताकि घटना का सच सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके.

X
Sagar Bhardwaj

पाकिस्तान के रावलपिंडी में रविवार को एक मशहूर टीवी एंकर राबिया अहसान की गोली लगने से मौत हो गई. गोली उनके गले के नीचे लगी थी. गोली चलाने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका पति था. हालांकि उनके पति का दावा है कि उन्होंने जानबूझकर गोली नहीं मारी बल्कि पिस्टल चलाते समय अचानक गोली चल गई. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि पिस्टल में गोली भरी हुई है. हालांकि राबिया के भाई की शिकायत पर उनके पति को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस ने गोली चलाने में इस्तेमाल हुई बंदूक भी बरामद कर ली है.

घटना के समय नानी के साथ थीं बेटियां

राबिया अहसान अपने पीछे 13 और 11 साल की दो बेटियां छोड़ गई हैं. रावलपिंडी के सिटी पुलिस अधिकारी हसन सुखेरा ने बताया कि गोली चलने के दौरान राबिया और उनकी दोनों बेटियां घर के लॉन में अपनी नानी के साथ बैठी थीं. पुलिस ने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी से भी पूछताछ की है.

पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है. वहीं पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम घर से सबूत इकट्ठा कर रही है. राबिया के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.


41 साल की राबिया गुलशनाबाद इलाके में रहती थीं. वे एक निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट थीं. इससे पहले वे वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ करंट अफेयर्स का कार्यक्रम होस्ट कर चुकी थीं.

राष्ट्रपति की बेटी ने की निष्पक्ष जांच की मांग

राबिया की मौत पर राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने दुख जताते हुए इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है, ताकि घटना का सच सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके. आसिफा ने रावलपिंडी में महिलाओं की हत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की.

बता दें कि बीते कुछ सालों में पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि हुई है. पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्रालय के मुताबिक, 2001 से 2024 के बीच महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए.