IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

पाकिस्तान आर्थिक, तो राजनीतिक संकट से जूझ रहा बांग्लादेश; आखिर शाहबाज और यूनुस के बीच क्या खिचड़ी पक रही है?

पाकिस्तान पिछले कुछ महीनों से आर्थिक संकट से तो वहीं बांग्लादेश पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक संकट से जूझ रहा है. इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रशासन के नेता यूनुस से फोन पर बातचीत की. सवाल ये है कि अलग-अलग संकटों से जूझ रहे दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच आखिर क्या खिचड़ी पक रही है? आइए, समझने की कोशिश करते हैं.

इंडिया डेली
India Daily Live

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मोहम्मद यूनुस को कार्यवाहक प्रशासन का नेता बनने पर बधाई देने के लिए फोन किया. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बातचीत के दौरान शुक्रवार को दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) के पुनरुद्धार और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की.

बांग्लादेशी पक्ष की ओर से बातचीत के डिटेल के मुताबिक, शरीफ ने सार्क प्रॉसेस को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर बल दिया. यूनुस ने कहा कि वे दक्षिण एशियाई देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए सार्क को एक शीर्ष क्षेत्रीय मंच के रूप में पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

वहीं, यूनुस ने नियमित रूप से सार्क शिखर सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया और जल्द से जल्द सुविधा के अनुसार सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के बीच एक संक्षिप्त बैठक भी आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया.

आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सार्क की जरूरत?

इससे पहले मंगलवार को यूनुस ने पाकिस्तान के उच्चायुक्त सैयद अहमद मारूफ के साथ बैठक के दौरान पड़ोस में आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सार्क को पुनर्जीवित करने की अपील की थी. नवंबर 2016 में पाकिस्तान की ओर से आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन से भारत, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और भूटान के पीछे हटने के बाद से सार्क का बहुत ज्यादा महत्व नहीं रह गया है. 

सार्क के लगभग खत्म होने के बाद से भारत ने बिम्सटेक जैसे अन्य क्षेत्रीय तंत्रों के माध्यम से सहयोग बढ़ाया है. बांग्लादेश की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि यूनुस ने बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच आर्थिक संबंधों और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने की अपील की.

शरीफ बोले- बांग्लादेश से कारोबार और आर्थिक सहयोग की संभावनाएं

शरीफ ने द्विपक्षीय संबंधों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने विदेश सचिव स्तर के परामर्श और ढाका और इस्लामाबाद के बीच संयुक्त आर्थिक आयोग जैसी व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

शरीफ ने ये भी उम्मीद जताई कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सद्भावना को ठोस सहयोग में बदला जाएगा. उन्होंने दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश में बाढ़ से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की. यूनुस ने 8 अगस्त को अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में पदभार संभाला था, जिसके बाद छात्रों के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके परिणामस्वरूप 600 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.