पाकिस्तान में फिर बढ़ीं फ्यूल की कीमत, एक लीटर की कीमत हुई 520.35 रुपये
पाकिस्तान ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की. एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है. यहां डीजल की कीमत 54.9% बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत 42.7% बढ़कर 458.40 रुपये प्रति लीटर हो गई.
नई दिल्ली: पाकिस्तान सरकार ने फ्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. बता दें कि एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मिडिल-ईस्ट में युद्ध चल रहा है और ग्लोबल लेवल फ्यूल की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं. पाकिस्तान में डीजल की कीमत 54.9% बढ़ाकर 520.35 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि पेट्रोल की कीमत 42.7% बढ़कर 458.40 रुपये प्रति लीटर हो गई है. नई कीमत आज से लागू हो गई हैं.
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि US-ईरान युद्ध के बाद इंटरनेशनल मार्केट की कीमतें कंट्रोल से बाहर हो जाने की वजह से कीमतें बढ़ाना जरूरी था. बता दें कि पिछले महीने ही, पाकिस्तान ने इसी कारण से फ्यूल की कीमतों में करीब 20% की बढ़ोतरी की थी. देश अपने ज्यादातर तेल का आयात सऊदी अरब और UAE से करता है. ये सप्लाई होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरती हैं, जो इस संघर्ष से बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
सरकार ने दी टूव्हीलर्स के लिए सब्सिडी:
वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने आम नागरिकों की मदद के लिए, सरकार ने कुछ राहत उपायों की घोषणा की है. टूव्हीलर्स के लिए 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी उपलब्ध कराई है. बता दें यह अगले तीन महीनों के लिए प्रति माह 20 लीटर तक सीमित होगी. वहीं, छोटे किसानों को 1,500 रुपये प्रति एकड़ की एकमुश्त सहायता दी जाएगी, क्योंकि कृषि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और खाद्य आपूर्ति के लिए बहुत अहम है.
हर किसी को सब्सिडी देना संभव नहीं: मंत्री
पाकिस्तान के मंत्रियों का कहना है कि सरकार ने पिछले तीन हफ्तों में पहले ही 129 अरब रुपये की सब्सिडी दी है, लेकिन अब वह सभी के लिए एक समान सब्सिडी जारी रखने का खर्च नहीं उठा सकती. उन्होंने समझाया, "संसाधन सीमित हैं और इस युद्ध का कोई अंत भी नजर नहीं आ रहा है." युद्ध के चलते ग्लोबल ऑयल मार्केट काफी अनस्टेबल है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के बाद अमेरिकी तेल की कीमतों में एक ही दिन में 11% से ज्यादा का उछाल आया है, जबकि ब्रेंट क्रूड में 7% से अधिक की वृद्धि हुई है.
और पढ़ें
- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाम बोंडी को पद से हटाया, चीनी जासूस और एपस्टीन फाइलों से जुड़ा है विवाद
- ईरान ने सच कर दिखाई अपनी धमकी! बहरीन में Amazon सेंटर किया खाक, अब Google-Apple की बारी?
- 'तुम्हें तो सिर्फ 250 साल हुए, हम 7000 साल पुरानी सभ्यता...', ट्रंप की पाषाण युग वाली धमकी पर ईरान का करारा पलटवार