पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से फिर दहला अफगानिस्तान, कुनार-हेलमंद में कई लोगों की गई जान

अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांत में पाकिस्तानी विमानों की एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा सामने आया है. हमलों में 9 नागरिकों की मौत हुई है.

@SaffronKnight02
Reepu Kumari

नई दिल्ली: अफगानिस्तान में एक बार फिर हवाई हमलों को लेकर तनाव बढ़ गया है. अफगान अधिकारियों ने दावा किया है कि पाकिस्तानी विमानों ने कुनार और हेलमंद प्रांत के कुछ इलाकों में एयरस्ट्राइक की है. इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 9 अफगान नागरिकों की मौत होने की बात कही गई है. वहीं 11 अन्य लोगों के घायल होने का दावा किया गया है. हमलों में तीन घरों के तबाह होने की जानकारी भी सामने आई है.

कुनार प्रांत के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हमले का दावा किया गया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यहां एक रिहायशी घर को निशाना बनाया गया, जो पूरी तरह तबाह हो गया. शुरुआती जानकारी में पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की बात कही गई थी. अफगान अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए गए हैं. हमले के बाद मलबे से लोगों को निकालने का काम किया गया.

कुनार में रिहायशी घर पर हमला

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुनार के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में एक नागरिक के घर पर बमबारी की गई. इस हमले में पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने का दावा किया गया. बताया गया कि मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से प्रभावित लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए भेजा.


हेलमंद में भी हमले का दावा

दक्षिणी अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी हवाई हमला किए जाने की बात सामने आई है. अफगान अधिकारियों ने दावा किया कि यहां नागरिक घरों को निशाना बनाया गया. कुनार और हेलमंद में हुए हमलों को मिलाकर महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है. अफगानिस्तान के प्रवक्ता के अनुसार, दोनों प्रांतों में हुए हमलों के दौरान तीन घर तबाह हुए हैं. इन हमलों के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम किया गया. कुनार में स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर नाराजगी भी सामने आने की बात कही गई है.

अफगानिस्तान ने जताई कड़ी आपत्ति

अफगानिस्तान के प्रवक्ता ने हमलों की निंदा करते हुए इन्हें आक्रामक कार्रवाई और अपराध बताया. उनका कहना है कि नागरिक घरों पर इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन हैं. अफगान पक्ष के अनुसार, महिलाओं और बच्चों समेत नागरिकों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से स्थिति और गंभीर हुई है.