बाढ़ आपदा के बीच भारत होगी नेपाल के पीएम बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा, वित्त मंत्री ने किया बड़ा ऐलान
नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने बताया है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी. यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन इसे साल के अंत से पहले तय करने की योजना है.
नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के पहले विदेश दौरे को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब स्थिति साफ होती दिख रही है. नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने कहा है कि प्रधानमंत्री शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी. उन्होंने बताया कि यात्रा की तारीखों पर अभी चर्चा चल रही है और सरकार इसे साल के अंत से पहले तय करने की योजना बना रही है.
वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने काठमांडू में आयोजित एक न्यूज कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह ने शुरुआती समय घरेलू मुद्दों और सरकार के 100 दिन के एजेंडे पर ध्यान दिया. इसके बाद अब प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं को लेकर चर्चा शुरू की गई है.
वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने और क्या कहा?
वागले ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी. उनके मुताबिक, फिलहाल सिर्फ तारीख तय करना बाकी है और उम्मीद है कि यह यात्रा साल के अंत से पहले हो जाएगी.
Also Read
भारत ने पहले ही भेजा है न्योता
नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का न्योता पहले ही दिया जा चुका है. जुलाई के अंतिम सप्ताह में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की थी. उन्होंने कहा था कि नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया गया है.
इसके बाद समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है. हालांकि उस समय यात्रा की तारीख तय नहीं हुई थी. अब नेपाल के वित्त मंत्री के बयान से संकेत मिला है कि शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की हो सकती है.
भारत नेपाल संबंधों को बताया खास
कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी के वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी इस घोषणा को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की नींव बेहद मजबूत है. दोनों देशों को केवल पासपोर्ट या भौगोलिक सीमाओं के आधार पर अलग नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शाह की पहली विदेश यात्रा भारत होने की बात दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण संकेत है.
आपदा के बीच भारत लगातार कर रहा मदद
नेपाल इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है. तिब्बत से आई बाढ़ के कारण नेपाल के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है. बाढ़ से जान-माल का नुकसान हुआ है और प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य चल रहे हैं. भारत भी नेपाल की मदद के लिए राहत सामग्री भेज रहा है.
36 साल के हैं प्रधानमंत्री बालेन शाह
बालेन शाह 36 साल के हैं. वह इंजीनियर होने के साथ रैपर भी रह चुके हैं. साल 2022 में वह काठमांडू के मेयर बने थे. इस साल मार्च में हुए आम चुनाव के बाद 27 मार्च को उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. उनकी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को चुनाव में बड़ी सफलता मिली थी.
शाह ने प्रधानमंत्री बनने के बाद अब तक किसी विदेशी देश की आधिकारिक यात्रा नहीं की है. आम तौर पर नेपाल के नए प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद भारत या चीन की यात्रा करते रहे हैं. हालांकि शाह ने इस परंपरा से अलग घरेलू मुद्दों पर अपना ध्यान केंद्रित रखा. अब भारत उनकी पहली विदेश यात्रा का गंतव्य बन सकता है.