नेपाल में नई आफत की आहट! तबाही के बीच भोटेकोशी का बढ़ता बहाव, प्रशासन अलर्ट

नेपाल में भोटेकोशी नदी का बहाव अचानक बढ़ने के बाद रसुवा, नुवाकोट और धादिंग के निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. फिलहाल बड़े बाढ़ के खतरे से इनकार किया गया है.

@ani_digital X Account
Km Jaya

नई दिल्ली: नेपाल में पहले से जारी बाढ़ और फ्लैश फ्लड के बीच भोटेकोशी नदी का बहाव बढ़ने से चिंता बढ़ गई है. रसुवा जिला प्रशासन ने नदी के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. रसुवा के अलावा नुवाकोट और धादिंग के निचले इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, राहत की बात है कि फिलहाल भोटेकोशी नदी के आसपास बड़े पैमाने पर बाढ़ का खतरा नहीं बताया गया है.

रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेंद्र परियार के अनुसार, रात करीब 3 बजे के बाद भोटेकोशी नदी में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया था. हालांकि, अब नदी का बहाव धीरे-धीरे कम हो रहा है. नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण और बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा हालात पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.

सुरंग में फंसे करीब 600 लोगों की चिंता

रसुवा में बाढ़ के कारण करीब 600 लोग एक सुरंग में फंसे बताए जा रहे हैं. इनके रेस्क्यू के लिए अभी बड़े स्तर पर अभियान शुरू नहीं हो सका है. बचाव कार्य में जरूरी कर्मचारी, विशेषज्ञ और उपकरणों की कमी चुनौती बनी हुई है. सरकारी स्तर पर पर्याप्त तैयारी नहीं होने के कारण भी रेस्क्यू में देरी की बात सामने आई है. सुरंग के अंदर फंसे लोगों की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.


26 अगस्त की फ्लैश फ्लड ने मचाई थी तबाही

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को आई फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई थी. नेपाल पुलिस के अनुसार, इस आपदा में 675 लोगों की मौत हुई है, जबकि 2,400 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. खराब मौसम के कारण राहत और बचाव अभियान में भी लगातार मुश्किलें आ रही हैं. बाढ़ से सड़कें, पुल, बस्तियां और हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं. कई परिवार अब भी अपने लापता परिजनों की तलाश कर रहे हैं.

275 से ज्यादा भारतीय लापता

इस आपदा में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं. 275 से ज्यादा भारतीयों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 108 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है. भारतीय मूल के 128 लोगों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो दिनों में 598 भारतीय नागरिक चीन के रास्ते सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं. करीब 900 भारतीय चीन की तरफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं.