menu-icon
India Daily

बाढ़ का ऐसा मंजर नहीं देखा होगा... नेपाल से भारत तक बहकर आ रही लाशें, झकझोरती हैं ये तस्वीरें

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद नारायणी नदी में शव, मलबा और सामान बहकर भारत के महराजगंज पहुंच रहे हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
बाढ़ का ऐसा मंजर नहीं देखा होगा... नेपाल से भारत तक बहकर आ रही लाशें, झकझोरती हैं ये तस्वीरें
Courtesy: X

नेपाल में बाढ़ की तबाही का असर अब भारत में भी दिख रहा है. नारायणी नदी के तेज बहाव के साथ शव, लकड़ियां और घरेलू सामान महराजगंज तक पहुंच रहे हैं. बचाव दल ने नदी से चार शव निकाले हैं. इनमें तीन बच्चों के होने की जानकारी सामने आई है.

नारायणी नदी में शवों के साथ पहुंच रहा बाढ़ का मलबा

नेपाल में आई बाढ़ के बाद नारायणी नदी का तेज बहाव अपने साथ कई तरह का सामान भारत की ओर ला रहा है. महराजगंज में नदी के किनारे राहत-बचाव में लगे जवानों को पानी के बीच कुछ संदिग्ध दिखाई दिया. पास जाकर जांच करने पर शव मिले. अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी में तीन महिलाओं और एक पुरुष के शव मिलने की बात कही गई है. नदी में शवों के अलावा लकड़ियां, घरेलू सामान, सिलेंडर और मलबा भी बहकर आ रहा है, जिससे नेपाल में हुई तबाही की गंभीर तस्वीर सामने आ रही है.

नेपाल को भेजी गई शवों की जानकारी

महराजगंज प्रशासन ने शव मिलने की सूचना नेपाल प्रशासन को दे दी है. पहचान में मदद के लिए शवों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए गए हैं. अब आगे की कार्रवाई के लिए नेपाल की ओर से जवाब का इंतजार किया जा रहा है. नदी के आसपास बचाव दल लगातार निगरानी कर रहा है और पानी में दिखाई देने वाली हर संदिग्ध चीज की जांच की जा रही है. मानव शव मिलने पर उसे नदी से बाहर निकालकर जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाती है और फिर मोर्चरी भेजा जाता है. प्रशासन के लिए नदी में बढ़ते मलबे के बीच लोगों को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती बनी हुई है.

नेपाल में 158 शव बरामद

बाढ़ के बाद नदी में बहकर आए सामान को निकालने के लिए कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं. बचाव दल उन्हें पानी से दूर रहने की लगातार चेतावनी दे रहा है लेकिन इसके बावजूद लोग लकड़ी और दूसरी चीजों को निकालने के लिए नदी के पास पहुंच रहे हैं. उधर, नेपाल के नवलपरासी पूर्व जिले में शुक्रवार शाम तक नारायणी नदी के अलग-अलग हिस्सों से 158 शव बरामद किए गए हैं. इनमें 109 पूरे शव और 49 मामलों में शरीर के हिस्से मिले हैं. बरामद शवों में 31 महिलाएं, 51 पुरुष, 8 बालक और 11 बालिकाएं शामिल हैं. नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के निशान अब भारत तक पहुंच रहे हैं.