यूक्रेन के ओडेसा में MV गोल्डन लियो पर मिसाइल हमला, 4 भारतीयों की मौत; एक की हालत गंभीर

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है. भारत सरकार ने घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

X (@sapnamadan)
Shanu Sharma

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से निकलते समय मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की जान चली गई. विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे. 

मिली जानकारी के अनुसार चार भारतीयों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.

पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना

विदेश मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यूक्रेन स्थित भारतीय मिशन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. मंत्रालय के अनुसार भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित नागरिकों तथा उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही घायल भारतीय के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की गई है.


भारत ने इस हमले को लेकर स्पष्ट कहा कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है. विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान जोखिम में डालना और समुद्री व्यापार तथा नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना निंदनीय है. मंत्रालय ने ऐसे हमलों से बचने की आवश्यकता पर जोर दिया.

यूक्रेन ने रूस पर लगाया मिसाइल हमले का आरोप

इस घटना के बाद यूक्रेनी नौसेना ने आरोप लगाया कि रूस ने नागरिक मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर तीन क्रूज मिसाइलों से हमला किया. यूक्रेन के अनुसार जहाज गिनी बिसाऊ के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और उसका स्वामित्व तुर्की की कंपनी के पास था.

जहाज युद्ध प्रभावित क्षेत्र से अनाज लेकर बाहर निकल रहा था, तभी उस पर हमला हुआ. यूक्रेनी नौसेना का दावा है कि मिसाइल जहाज के दाहिने हिस्से से टकराई, जिससे उसमें आग लग गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई, जबकि पांच अन्य चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान जारी है. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक नौसेना और समुद्री खोज एवं बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया.