नाले में छिपा मिला ड्रग्स का ‘गब्बर’, 50 करोड़ का इनामी ‘द गार्डनर’ गिरफ्तार, क्या अब CJNG साम्राज्य में छिड़ेगा खूनी सत्ता संघर्ष
दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग्स नेटवर्क में से एक CJNG को बड़ा झटका लगा है. एल मेंचो के बाद उसका वारिस माने जा रहे ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा उर्फ ‘एल जार्डिनेरो’ को मेक्सिकन सेना ने गिरफ्तार कर लिया है.
मेक्सिको में ड्रग्स की अंधेरी दुनिया से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है. जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के एक बड़े चेहरे और ‘एल मेंचो’ के करीबी सहयोगी ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा को सेना ने नाटकीय अंदाज में पकड़ लिया. यह वही शख्स है जिसे ड्रग्स की दुनिया का अगला सरगना माना जा रहा था. इस पर अमेरिका ने करीब 5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 50 करोड़ रुपए का इनाम घोषित कर रखा था.
नाले में छिपा मिला खतरनाक अपराधी
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतना बड़ा ड्रग माफिया किसी सुरक्षित ठिकाने या बंकर में नहीं, बल्कि सड़क किनारे एक नाले में छिपा हुआ मिला. मेक्सिकन सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया. इस ऑपरेशन में किसी तरह की गोलीबारी नहीं हुई और बिना किसी नुकसान के गिरफ्तारी पूरी की गई.
एल मेंचो का सबसे भरोसेमंद साथी
ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा को CJNG कार्टेल के सबसे खतरनाक सरगना एल मेंचो का दायां हाथ माना जाता था. एल मेंचो की हाल ही में हुई मौत के बाद यह माना जा रहा था कि वही कार्टेल की कमान संभालेगा और ड्रग्स के इस खूनी साम्राज्य को आगे बढ़ाएगा, लेकिन उसकी गिरफ्तारी ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
100 से ज्यादा देशों में फैला नेटवर्क
CJNG कार्टेल दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग्स संगठनों में गिना जाता है. अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, इसका नेटवर्क 100 से अधिक देशों में फैला हुआ है. यह कार्टेल मेक्सिको के कई राज्यों में सक्रिय है और ड्रग्स तस्करी के साथ-साथ अपहरण, फिरौती और तेल चोरी जैसे अपराधों में भी शामिल रहा है। कई विशेषज्ञ इसे सिनालोआ कार्टेल से भी ज्यादा खतरनाक मानते हैं.
कौन है ‘द गार्डनर’?
ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा की उम्र करीब 31 साल बताई जाती है और उसने कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में बड़ा नाम बना लिया था. शुरुआत में वह अफीम और मारिजुआना की खेती से जुड़ा था, इसी वजह से उसे ‘एल जार्डिनेरो’ यानी ‘माली’ का नाम मिला. धीरे-धीरे उसने ड्रग्स तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया.
अमेरिका भी लंबे समय से तलाश में था
साल 2021 से ही अमेरिका उसकी तलाश में था और उसे पकड़ने के लिए मेक्सिको पर दबाव बना रहा था. अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने उसे खतरनाक विदेशी ड्रग किंगपिन घोषित कर उसकी संपत्तियां फ्रीज कर दी थीं. उसके खिलाफ कोकीन और हेरोइन की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा
सिल्वा की गिरफ्तारी के बाद मेक्सिको के कुछ इलाकों में हिंसा की खबरें सामने आई हैं. कई जगहों पर आगजनी और झड़पें देखी गई हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष शुरू हो सकता है. एल मेंचो की मौत के बाद पहले ही हिंसा भड़क चुकी थी और अब यह गिरफ्तारी हालात को और तनावपूर्ण बना सकती है.