'न मैं झुकी, न इटली...', ट्रंप के दावे पर मेलोनी का करारा पलटवार; क्या है पूरा मामला?

G7 Summit के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी भड़क उठीं. उन्होंने बयान को झूठा बताया और कहा कि न वह, न ही इटली कभी किसी के आगे झुकता है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच सार्वजनिक तौर पर तीखी बयानबाजी सामने आई है. विवाद की शुरुआत ट्रंप के उस दावे से हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि G7 Summit के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की गुजारिश की थी. ट्रंप के इस बयान पर मेलोनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे पूरी तरह मनगढ़ंत करार दिया. उन्होंने कहा कि यह केवल उनके नहीं, बल्कि पूरे इटली के सम्मान से जुड़ा मामला है.

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप के उस बयान को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि मेलोनी उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्सुक थीं. मेलोनी ने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई और अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक काल्पनिक कहानी पेश की है. उन्होंने कहा कि यह सुनकर उन्हें हैरानी हुई.


ट्रंप ने इंटरव्यू में किया था दावा

इतालवी टीवी चैनल La7 को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि मेलोनी समिट के दौरान उनसे बात करके खुश थीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया था. हालांकि चैनल ने इंटरव्यू का केवल डब किया हुआ संस्करण प्रसारित किया और मूल ऑडियो सार्वजनिक नहीं किया.

सहयोगियों के प्रति रवैये पर सवाल

मेलोनी ने ट्रंप की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने करीबी सहयोगियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों करते हैं. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी मित्र देश के नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी की हो. उनके अनुसार, इस तरह के बयान अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को प्रभावित करते हैं.

विरोधियों पर नरमी का आरोप

इटली की प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ट्रंप पश्चिमी देशों के विरोधियों के प्रति अपेक्षाकृत नरम रवैया अपनाते हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के सामने मौजूद चुनौतियों के समय नेतृत्व से अधिक जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. मेलोनी ने संकेत दिया कि मित्र देशों के नेताओं पर निशाना साधना उचित नहीं है.

रद्द हुआ अमेरिका दौरा

विवाद बढ़ने के बाद इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने अमेरिका का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया. उन्होंने ट्रंप की टिप्पणियों को मेलोनी और पूरे इटली के लिए अपमानजनक बताया. माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम से दोनों नेताओं के बीच पहले से मौजूद राजनीतिक दूरी और बढ़ सकती है. हाल के महीनों में ईरान संघर्ष समेत कई मुद्दों पर दोनों के विचार अलग-अलग रहे हैं.