ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो में घुसने की कोशिश कर रहा था संदिग्ध, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गोलियों से भूना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो में गैर कानूनी तरीके से घुसने की कोशिश कर रहे संदिग्ध को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गोलियों से भून दिया.

pinterest
Sagar Bhardwaj

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो में गैर कानूनी तरीके से घुसने की कोशिश कर रहे संदिग्ध को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गोलियों से भून दिया. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि 20 वर्षीय शख्स सुरक्षा घेरे को तोड़कर फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच पर स्थित ट्रंप के रिसॉर्ट मार ए लागो में घुसने की कोशिश कर रहा था. अधिकारियों ने कहा कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति वाशिंगटन में थे.

हाथ में शॉर्टगन और ईंधन की केन लिए हुए था संदिग्ध

सीक्रेट सर्विस ने बताया कि संदिग्ध को रिसॉर्ट के उत्तरी गेट पर हाथ में एक शॉर्टगन और एक फ्यूल का कंटेनर के साथ देखा गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मी तुरंत एक्टिव हुए और उस पर गोलियां बरसा दीं. एजेंसी के अनुसार, शख्स ने गैरकानूनी तरीके से रिसॉर्ट के चारों तरफ बने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया.  राष्ट्रपति से जुड़ा होने के कारण यह पूरा इलाका हाई सिक्योरिटी क्षेत्र है. सीक्रेट सर्विस ने एक बयान में कहा कि संदिग्ध मार-ए-लागो के नॉर्थ गेट पर नजर आया और उसके हाथ में एक शॉर्ट गन और एक फ्यूल केन थी.

मुठभेड़ में ढेर हुआ संदिग्ध

प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर पुलिसकर्मियों और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक डिप्टी ने उसका सामना किया और उस पर गोलीबारी की. घटना स्थल पर ही उस व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया. परिजनों को सूचित किए जाने तक उसकी पहचान गुप्त रखी गई है. इस मुठभेड़ में सीक्रेट सर्विस या शेरिफ को चोट नहीं आई है. एफबीआई, सीक्रेट सर्विस और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय संयुक्त रूप से इस घटना की जांच कर रहे हैं.

क्या है मार-ए-लागो

मार-ए-लागो फ्लोरिडा के पाम बीच  पर स्थित डोनाल्ड ट्रंप का प्राइवेट क्लब और आवास है. 1920 के दशक में बनी यह संपत्ति काफी आलीशान संपत्ति है. 126 कमरे के इस रिसॉर्ट को डोनाल्ड ट्रंप ने 1985 में खरीदा था और बाद में इसके अधिकांश हिस्से को एक निजी रहने के क्वार्टर को बरकरार रखते हुए केवल सदस्यों के लिए एक रिसॉर्ट में तब्दील कर दिया.

इसे अक्सर 'विंटर व्हाइट हाउस' कहा जाता है. इस रिसॉर्ट में राष्ट्रपति नियमित तौर पर आराम करते हैं, राजनीतिक बैठकें करते हैं. फंड जुटाने वालों और राजनयिक अतिथियों को यहीं ठहराया जाता है.