गाड़ी चलाते वक्त अचानक बेहोश हुआ शख्स, बोला- टेस्ला ने मेरी जान बचा ली, एलन मस्क ने दी प्रतिक्रिया

ऋषि वोहरा ने कहा कि कल सच में टेस्ला ने मेरी जान बचा ली. उन्होंने कहा कि मैं गाड़ी चला रहा था तभी पत्नी से बात करते हुए अचानक बेहोश हो गया.

@rishivohra
Sagar Bhardwaj

भारतीय मूल के एक शख्स ने दावा किया है कि उनकी जान उनकी कार ने बचाई. यह घटना अमेरिका के एक फ्रीवे पर हुई, जब ऋषि वोहरा नाम के व्यक्ति गाड़ी चला रहे थे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि वह सामान्य ड्राइव पर थे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.

वोहरा के मुताबिक, उन्होंने करीब 17 घंटे तक कुछ नहीं खाया था और दवा लेने के बाद उन्हें तेज एलर्जिक रिएक्शन हो गया. उसी दौरान वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे. तभी उनकी हालत तेजी से खराब हुई और वह गाड़ी चलाते हुए बेहोश हो गए.

टेस्ला की FSD तकनीक से बची जान

वोहरा ने बताया कि उनकी टेस्ला कार में उस समय Full Self-Driving (FSD) फीचर चालू था. जैसे ही कार के ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम को लगा कि ड्राइवर रिस्पॉन्स नहीं दे रहा है, कार ने खुद ही स्पीड कम कर दी.

कार ने हैजर्ड लाइट ऑन की और सुरक्षित तरीके से सड़क के किनारे जाकर रुक गई. इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ और न ही किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा.

पत्नी ने तुरंत मंगाई मदद

फोन पर बात करते-करते जब वोहरा अचानक चुप हो गए, तो उनकी पत्नी को शक हुआ. उन्होंने तुरंत Life360 ऐप की मदद से इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी. करीब पांच मिनट में मदद पहुंच गई.

इमरजेंसी टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक इलाज दिया. होश में आने के बाद वोहरा ने गाड़ी को वहीं छोड़ने से मना कर दिया. उन्होंने बताया कि कार ने खुद ही उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी रूम तक पहुंचा दिया.

अब हालत सामान्य

अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें भर्ती किया गया और रातभर निगरानी में रखा गया. अगले दिन उनकी हालत सामान्य हो गई और उन्हें छुट्टी दे दी गई.

Elon Musk ने दी प्रतिक्रिया

वोहरा की पोस्ट पर एलन मस्क ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, “खुशी हुई तुम ठीक हो!” वोहरा ने अपनी पत्नी और Tesla कंपनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि लाइफ-सेविंग टेक्नोलॉजी है.