दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर गिरी आसमानी बिजली, देखकर सहमे लोग; हैरान करने वाला वीडियो वायरल
इमारत में बिजली से बचाव के लिए एक अत्याधुनिक सिस्टम लगाया गया है. इसके सबसे ऊपरी हिस्से में विशेष प्रकार की लाइटनिंग रॉड लगी होती है.
नई दिल्ली: दुबई की पहचान मानी जाने वाली दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर हाल ही में बिजली गिरने की घटना ने लोगों को चौंका दिया. तेज बारिश और आंधी के दौरान जब आसमान में कड़कती बिजली इस विशाल इमारत पर गिरी, तो पूरा आसमान पल भर के लिए रोशनी से जगमगा उठा. इस दुर्लभ दृश्य को कई लोगों ने अपने कैमरे में कैद किया, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
करीब 828 मीटर (2,722 फीट) ऊंची इस इमारत पर बिजली गिरने का दृश्य बेहद रोमांचक और थोड़ा डरावना भी नजर आया. ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रकृति अपनी पूरी ताकत दिखा रही हो और इमारत उसे झेलने के लिए खड़ी हो. संयुक्त अरब अमीरात में इन दिनों हो रही भारी बारिश के बीच ऐसा नजारा कम ही देखने को मिलता है.
Also Read
इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा
हालांकि, इतनी बड़ी घटना के बावजूद इमारत को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ. रिपोर्ट के अनुसार, अंदर मौजूद लोगों की सुरक्षा पर भी कोई असर नहीं पड़ा. दरअसल, बुर्ज खलीफा की ऊंचाई इसे आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने का एक स्वाभाविक लक्ष्य बनाती है, लेकिन इसकी डिजाइन इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है.
बिजली से बचाव के लिए अत्याधुनिक सिस्टम
इमारत में बिजली से बचाव के लिए एक अत्याधुनिक सिस्टम लगाया गया है. इसके सबसे ऊपरी हिस्से में विशेष प्रकार की लाइटनिंग रॉड लगी होती है, जो बिजली को सीधे अपनी ओर आकर्षित करती है. इसके बाद करंट को सुरक्षित रूप से इमारत के बाहरी हिस्से से नीचे की ओर भेज दिया जाता है.
स्टील ढांचा का बेहद महत्वपूर्ण
इस पूरी प्रक्रिया में इमारत का स्टील ढांचा एक सुरक्षित मार्ग का काम करता है, जिससे बिजली का प्रवाह नियंत्रित रहता है. यह विद्युत चार्ज ग्राउंडिंग सिस्टम के जरिए जमीन में पहुंचा दिया जाता है. यही कारण है कि इतनी ऊंची इमारत पर बार-बार बिजली गिरने के बावजूद यह पूरी तरह सुरक्षित रहती है.