IPL 2026

VIP सूट, प्राइवेट जेट और देर रात गर्लफ्रेंड के साथ डेट... FBI चीफ काश पटेल के एक ट्रिप ने मचा दिया तूफान

FBI डायरेक्टर काश पटेल एक बार फिर से लोगों की नजर में आए हैं. उनके लग्जरी और लाइफस्टाइल को लेकर सवाल उठ रहा है. साथ ही उन पर सरकारी संसाधनों के गलत इस्तेमाल का आरोप लग रहा है.

X (@clarincom)
Shanu Sharma

अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो यानी FBI के डायरेक्टर काश पटेल इन दिनों विवादों में घिरे हैं. इस बार विवाद उनके लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर गहरा गया है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में उनके लाइफस्टाइल और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए गए हैं.

FBI डायरेक्टर को लेकर अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि वह किसी आधिकारिक दौरे पर थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस के साथ खास समय बिताया. जिसके लिए उन्होंने सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया.

काश पटेल पर क्या है आरोप?

काश पटेल 10 मई को अपनी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस के साथ FBI के गल्फस्ट्रीम-V जेट से वॉशिंगटन डीसी से फिलाडेल्फिया रवाना हुए. यहां दोनों ने मशहूर कंट्री म्यूजिक कलाकार जॉर्ज स्ट्रेट और क्रिस स्टेपलटन के कॉन्सर्ट का मजा लिया. जानकारी के मुताबिक इस दौरान उन्होंने लगभग 35 हजार से 50 हजार डॉलर की कीमत वाले प्राइवेट सूट में बैठकर कार्यक्रम का पूरा लुत्फ उठाया. यह मामला और भी ज्यादा इसलिए विवादों में घिर गया क्योंकि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद भी एफबीआई के फ्लाइट क्रू और सुरक्षा कर्मी देर रात तक ड्यूटी पर तैनात रहे. आलोचक इसे सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल बता रहे हैं.

इन आरोपों पर FBI का आया जवाब

FBI की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया. ब्यूरो के प्रवक्ता बेन विलियमसन ने इन रिपोर्ट्स को पूरी तरह से भ्रामक बताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि एलेक्सिस विल्किंस को आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल किया गया था और पूरी यात्रा आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा थी.

उन्होंने बताया कि डायरेक्टर अक्सर इस तरह के कार्यक्रर्मों में भाग लेते हैं, जहां सुरक्षा के कारण विशेष व्यवस्था की जाती है. हालांकि इससे पहले भी काश पटेल को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. इससे पहले हवाई में पर्ल हार्बर स्थित यूएसएस एरिजोना मेमोरियल के पास वीआईपी स्नॉर्कल ट्रिप को लेकर उन पर कड़े सवाल उठे थे.. पटेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह से नकारा था और कहा था कि उनका हर कार्यक्रम आदेश के मुताबिक ही होता है.