जोरदार भूकंप के झटकों से दहला जापान, टोक्यो में मची चीख-पुकार; खतरनाक है VIDEO

जापान भूकंप के तेज झटकों से टोक्यो समेत पूर्वी इलाकों में अफरातफरी मच गई. 5.9 तीव्रता के झटकों में 23 लोग घायल हुए. सुनामी का खतरा नहीं बताया गया है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: जापान में भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया. राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसकी तीव्रता 5.9 मापी गई. अचानक धरती हिलने से लोग घरों से बाहर निकल आए. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण चार प्रांतों में 23 लोग घायल हुए हैं. इनमें ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं. फिलहाल बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है और राहत दल सक्रिय हैं. कई लोगों इस भयानक मंजर को शेयर भी किया है. 

दक्षिणी इबाराकी में था भूकंप का केंद्र

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में था. इसकी गहराई करीब 70 किलोमीटर बताई गई है. यह क्षेत्र पहले भी लगातार भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है. भूकंप के झटकों से हनेडा एयरपोर्ट की पूरी इमारत हिल उठी और हर तरफ अलर्ट बजने लगा.


अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इस भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.8 बताई है. अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में मामूली अंतर सामान्य माना जाता है, क्योंकि भूकंप की तीव्रता का आकलन अलग-अलग उपकरणों और गणनाओं से किया जाता है.

सुनामी का खतरा नहीं

भूकंप के बाद समुद्री इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. अधिकारियों ने फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया है.

हालांकि, जापान में भूकंप के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार, बड़े झटके के बाद कुछ समय तक छोटे झटके महसूस हो सकते हैं.

लोगों को इन बातों का ध्यान रखना चाहिए:

  • भूकंप के दौरान खिड़कियों और भारी सामान से दूर रहें.
  • झटके रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से बाहर निकलें.
  • गैस और बिजली की स्थिति की जांच करें.
  • प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.

फिलहाल जापान में राहत और बचाव दल हालात पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है. शुरुआती जानकारी में बड़े स्तर पर तबाही की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है.