BRICS 2026 IMD Weather

इजरायल ने जारी किया तेहरान पर हमले का वीडियो जिसमें हुई ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत

शनिवार को खामेनेई के ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर 30 मिसाइलों से हमला हुआ. हमले के दौरान खामेनेई की बेटी-दामाद, बहू और पोती समेत 40 कमांडर्स कॉम्पलेक्स में मौजूद थे

@Mr_XEN0
Sagar Bhardwaj

इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई. शनिवार को उनके ऑफिस कॉम्प्लेक्स पर 30 मिसाइलों से हमला हुआ. हमले के दौरान खामेनेई की बेटी-दामाद, बहू और पोती समेत 40 कमांडर्स कॉम्पलेक्स में मौजूद थे और खामेनेई हमले के समय कमांडर्स के साथ मीटिंग कर रहे थे.

इजरायल ने खामेनेई के दफ्तर पर हमले का वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे मिसाइल हमलों में खामेनेई के दफ्तर के परखच्चे उड़ गए. इस हमले के कुछ देर बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की थी लेकिन ईरान ने शुरुआत में ट्रंप के दावे का खंडन करते हुए कहा था कि खामेनेई पूरी तरह सुरक्षित हैं और ईरान का कोई भी उच्चाधिकारी हमलों में नहीं मारा गया है लेकिन रविवार सुबह ईरान की सरकारी मीडिया तसनीम और फार्स ने पुष्टि की कि खामेनेई की मौत हो चुकी है.


खामेनेई के मारे जाने पर ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक और सात दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है. उनकी मौत पर ईरानी इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि हमने एक महान नेता को खो दिया है और पूरा देश इसका शोक मना रहा है.

अमेरिका पर होगा सबसे खतरनाक हमला

खामेनेई की मौत की पुष्टि के कुछ देर बाद ईरान की सेना ने कहा कि वह अमेरिकी ठिकानों पर सबसे खतरनाक हमला शुरू करने जा रही है. सेना ने कहा कि हमला कुछ देर में शुरू होगा जिसमें अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा.

ईरान में 200 लोगों की मौत

इजरायल और अमेरिका की इस कार्रवाई  में तेहरान समेत ईरान के 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया गया. हमलों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. एक स्कूल पर हुए मिसाइल हमले में 148 छात्राओं की मौत हो गई.