T20 World Cup 2026

Israel Hamas War: इजरायल की पूरे गाजा पर बड़ी कार्रवाई, बमबारी में 12 फिलिस्तीन नागरिकों की मौत

Israel Hamas War: इजरायल ने हमास के प्रभाव वाले इलाके को निशाना बनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इस कार्रवाई में 12 फिलिस्तीन नागरिकों की मौत हो गई है. वहीं, कई घायल भी हुए है. 

Mohit Tiwari

Israel Hamas War: इजरायल ने सोमवार को पूरे गाजा में बमबारी की है. इसमें हमास के प्रभाव वाले इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की गई है. इस कार्रवाई में गाजा सिटी के एक घर में 12 फिलिस्तीन नागरिकों की मौत हो गई है. वहीं, कई घायल भी हुए हैं. इसके साथ ही दूसरे बड़े शहर खान यूनिस में इजरायली टैंकों की गोलाबारी के बाद कई स्थानों पर आग लग गई और धुएं का गुबार पूरे शहर पर छा गया है. 

इन हमलों के बाद गाजा में मरने वाले फिलिस्तिनियों की कुल संख्या 24100 हो गई है. वहीं, 61 हजार  से अधिक घायल हो चुके हैं. इस युद्ध में इजरायल के भी 189 सैनिकों की मौत हो गई  है. 

3 बंधकों का जारी किया वीडियो

इन हमलों के कुछ देर बाद ही हमास ने 3 इजरायली बंधकों का वीडियों जारी किया है. इस वीडियो में वे अपने देश की सरकार से हमले को रोककर खुद को रिहा करवाने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं. इजरायली सरकार ने इसे युद्ध विराम के लिए दबाव बनाने का तरीका माना है. 

यहां भी चल रही है लड़ाई

हमास के लड़ाकों के बीच खान यूनिस में भी भीषण लड़ाई चल रही है. मध्य गाजा के अल बुरेज और मेघाजी में भी दोनों पक्षों में लड़ाई जारी है. नुसीरत शहर की एक सड़क के वीडियों में दिख रहा है कि वहां पर कोई भी मकान सही सलामत नहीं है. इजरायली हमलों के बाद से वहां के मकान ध्वस्त हो गए हैं. इजरायली सेना के अनुसार खान यूनिस में बड़ी मात्रा में हथियार ले जा रहे वाहनों को हवाई हमले में बर्बाद कर दिया गया है. वहीं, इस हमले में दो लड़ाकों की भी मौत हो गई है.