इजरायली सेना ने ढूंढ़ निकाली वह सुरंग जिसमें हमास ने कैद किए थे बंधक
Israel Hamas War: इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में वह सुरंग खोज निकाली है जिसमें हमास ने इजरायली बंधकों को रखा था.आईडीएफ के अनुसार, इस सुरंग में हमास ने लगभग 20 इजरायली बंधकों को कैद करके रखा था.
Israel Hamas War: पिछले तीन माह से ज्यादा समय से जारी इजरायल हमास युद्ध में लगातार भीषण तबाही हो रही है. इसके बाद भी इसके थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. इस दौरान इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में वह सुरंग खोज निकाली है जिसमें हमास ने इजरायली बंधकों को रखा था.आईडीएफ के अनुसार, इस सुरंग में हमास ने लगभग 20 इजरायली बंधकों को कैद करके रखा था.
सुरंग में बंधकों से जुड़ा सामान मिला
इजरायली सेना के सैन्य प्रवक्ता डेनियह हगारी ने कहा कि सेना ने गाजा के खान युनुस से एक सुरंग खोज निकाली है. इस सुरंग से छोटे-छोटे कमरे, और एक बंधक बच्चे की तस्वीर बरामद हुई है. हालांकि उन्हें वहां से कोई बंधक नहीं मिला.
इजरायली सेना ने जारी की तस्वीरें
इजरायली सेना ने सुरंग की तस्वीरें जारी की हैं. सैन्य प्रवक्ता हगारी ने सुरंग से जुड़ी अहम जानकारियां मीडिया के साथ साझा की हैं. हगारी ने कहा कि सुरंग का प्रवेश द्वार गाजा के शहर खान युनुस में स्थित हमास के सदस्य के घर में था. उन्होंने कहा कि सेना ने आतंकियों का खात्मा कर दिया. सुरंग विस्फोटकों से भरी हुई थी.
हमास की कैद में अब भी हैं 100 लोग
सैन्य प्रवक्ता हगारी के मुताबिक, हमारे पास मौजूद जानकारी और सबूतों के आधार पर 20 बंधकों को अलग-अलग समय पर कठोर परिस्थितियों में रखा गया. इस सुरंग में कम उजाले के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी. अंतरराष्ट्रीय प्रयासों और कतर की मध्यस्थता के कारण इजरायल और हमास के बीच संघर्ष विराम हुआ था. इस दौरान कुछ बंधकों को मुक्त कर दिया गया था. हमास की कैद में अभी भी लगभग 100 बंधक मौजूद हैं.