इंडोनेशिया में समुद्री त्रासदी, चलती फेरी बनी आग का गोला; 5 की मौत 41 लापता
इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास यात्रियों से भरी एक फेरी में भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई. कई यात्रियों को बचाया गया, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं और राहत अभियान जारी है.
इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह समुद्र में बड़ा हादसा हो गया. करीब 250 यात्रियों और चालक दल को लेकर जा रही एक फेरी में अचानक आग लग गई. हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 लोग लापता बताए जा रहे हैं. आग लगने के बाद जहाज से संपर्क भी टूट गया. राहत और बचाव दल लगातार समुद्र में अभियान चला रहे हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है.
यात्रा के दौरान लगी भीषण आग
अधिकारियों के अनुसार KMP मुटियारा सेंटोसा 2 फेरी सुराबाया के तंजुंग पेराक बंदरगाह से सुलावेसी द्वीप के मकासार के लिए रवाना हुई थी. यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद कप्तान ने जहाज में आग लगने की सूचना दी. इसके तुरंत बाद फेरी से संपर्क टूट गया. बताया गया कि हादसा मदुरा द्वीप के पास समुद्री क्षेत्र में हुआ.
Also Read
- 'सूखे से जूझते किसानों के लिए हवा से बनाया पानी', 13 साल के इस स्टूडेंट ने कर दिखाया कमाल; पूरी दुनिया में हो रही चर्चा
- पेरू में आसमान से बरसी मौत, नाजका लाइन्स दिखाने निकला टूरिस्ट प्लेन पलभर में बना आग का गोला; 13 की मौत
- Russia-Ukraine War: रूस का बड़ा मिसाइल हमला, यूक्रेन में तबाही; NATO ने बढ़ाई सतर्कता
समुद्र में फंसे रहे यात्री
सुराबाया खोज एवं बचाव कार्यालय के अनुसार आग लगने के बाद फेरी लगभग पूरी तरह लपटों में घिर गई थी. कई यात्री जहाज के अगले हिस्से और पुल पर खड़े होकर मदद का इंतजार करते रहे. स्थिति बिगड़ने पर कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी. राहत टीमों ने कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
कई जहाजों ने संभाला मोर्चा
बचाव अभियान में आसपास मौजूद कई जहाजों को भी शामिल किया गया. अधिकारियों ने बताया कि टीबी हसनूर 26 और ब्रिटिश मेंटर नामक जहाजों ने समुद्र में कूदे यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद की. इसके अलावा चार जहाज लगातार घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे रहे. बचाव दल हर संभावित स्थान पर तलाश अभियान चला रहे हैं.
राहत पोत भी पहुंचा घटनास्थल की ओर
एसएआर 249 परमादी नामक बचाव पोत भी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. हालांकि वहां पहुंचने में उसे लगभग छह घंटे का समय लगने का अनुमान था. राहत एजेंसियां समुद्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अभियान चला रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी लापता लोगों की तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है.
वायरल वीडियो से सामने आई भयावह तस्वीर
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी के ऊपरी हिस्से से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है. आग तेजी से पूरे जहाज में फैलती नजर आ रही है. कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के किनारे खड़े दिखाई दिए, जबकि कुछ लोगों ने पानी में छलांग लगाई. आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.