शादी के कुछ घंटों बाद ही अमेरिका में हेलीकॉप्टर क्रैश में भारतीय मूल के पायलट की मौत; पत्नी की हालत गंभीर
अमेरिका के जॉर्जिया में शादी के कुछ घंटों बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की मौत हो गई. उनकी पत्नी जेसनी घायल हो गईं और अस्पताल में भर्ती हैं.
नई दिल्ली: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. भारतीय मूल के 25 वर्षीय पायलट डेव फिजी की शादी के कुछ घंटों बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनकी नवविवाहिता पत्नी जेसनी फिजी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट की मौत हो गई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डेव फिजी और जेसनी की शादी शुक्रवार को जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित एक विवाह स्थल पर हुई थी. समारोह में सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे. शादी के बाद दोनों हेलीकॉप्टर से यात्रा कर अटलांटा जाने वाले थे. वहां से उन्हें होटल में रुकने की योजना थी.
क्या है पूरा मामला?
डेव फिजी अटलांटा निवासी थे और डेल्टा एयर लाइन्स में पायलट के रूप में कार्यरत थे. उनके माता-पिता मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा क्षेत्र से अमेरिका गए थे. वहीं जेसनी का परिवार भी केरल के अलप्पुझा जिले से जुड़ा हुआ है.
परिवार के अनुसार शादी समारोह के अंत तक मौसम खराब हो गया था. रात करीब 9:30 बजे घना कोहरा और बारिश शुरू हो गई, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी. डेव स्वयं एक अनुभवी वाणिज्यिक पायलट थे और उन्होंने खराब मौसम को लेकर चिंता भी जताई थी. उनके पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि डेव ने कहा था कि ऐसी स्थिति में वह स्वयं उड़ान नहीं भरते.
कैसे हुआ हादसा?
इसके बावजूद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी. बताया गया कि पायलट ने अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरने का निर्णय लिया था. कुछ समय बाद हेलीकॉप्टर डॉसनविल के दक्षिण-पश्चिम में पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे के बाद जेसनी लगभग पांच घंटे तक मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं. बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में उन्हें बाहर निकाला. जेसनी पेशे से नर्स हैं. परिवार के अनुसार जब उन्हें होश आया तो उन्होंने डेव को अपने ऊपर पड़ा हुआ पाया. उन्होंने उन्हें आवाज दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
कैसी है अभी जेसनी की स्थिति?
जेसनी को कई चोटें आई हैं, हालांकि उनकी कोई हड्डी नहीं टूटी है. फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. परिवार का कहना है कि वह शारीरिक रूप से सुरक्षित हैं, लेकिन पति को खोने के कारण गहरे सदमे में हैं. संघीय विमानन प्रशासन ने पुष्टि की है कि हेलीकॉप्टर में तीन लोग सवार थे. वहीं राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.