Dallas Indian murder: अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की निर्मम हत्या, बेटे और पत्नी के सामने किया सिर कलम, जानें क्या थी वजह
अमेरिका के डलास शहर में भारतीय मूल के चंद्रमौली नागमल्लैया की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. आरोपी यॉर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना मामूली विवाद के बाद हुई और आरोपी ने पत्नी और बेटे के सामने पीड़ित का सिर धड़ से अलग कर दिया.
Dallas Indian murder: अमेरिका के डलास शहर में एक भारतीय मूल के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या ने लोगों को दहला दिया है. घटना 10 सितंबर को डलास के डाउनटाउन सुइट्स मोटल में हुई, जहां 50 वर्षीय चंद्रमौली नागमल्लैया की माचेते यानी तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. यह हमला इतना खौफनाक था कि आरोपी ने पीड़ित का सिर धड़ से अलग कर दिया. इस पूरी घटना को पीड़ित की पत्नी और बेटा अपनी आंखों के सामने देखते रह गए.
डलास पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोपी 35 वर्षीय यॉर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उस पर कैपिटल मर्डर का आरोप लगाया गया है और उसे बिना जमानत के जेल में रखा गया है. पुलिस रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि आरोपी पर इमिग्रेशन डिटेनर भी लगाया गया है.
मामूली विवाद बना वजह
घटना के पीछे मामूली विवाद को वजह बताया जा रहा है. एफिडेविट के मुताबिक नागमल्लैया ने आरोपी और उसकी महिला सहयोगी से कहा था कि वे खराब वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल न करें. नागमल्लैया ने यह बात महिला सहयोगी से कही, जो अनुवादक के तौर पर काम कर रही थी. इससे आरोपी गुस्से में आ गया क्योंकि उसे लगा कि बात सीधे उससे क्यों नहीं की गई.
Also Read
- Jair Bolsonaro: तख्तापलट की साजिश में दोषी पाए गए ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाई 27 साल की सजा
- 'टैरिफ डील पर भारत और US के बीच 'बहुत ज्यादा दूरी नहीं', बोले ट्रंप द्वारा भारत के लिए चुने गए राजदूत सर्जियो गोर
- 'भारत-अमेरिका के रिश्ते आज....', टैरिफ विवाद के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का बड़ा बयान
आरोपी ने किया जानलेवा हमला
इसके बाद आरोपी कमरे से बाहर आया और अपने पास रखी माचेते निकालकर नागमल्लैया पर हमला कर दिया. पीड़ित भागते हुए पार्किंग लॉट की ओर गए और मदद के लिए चिल्लाए, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया और उन पर लगातार वार करता रहा. पीड़ित की पत्नी और बेटा भी मदद के लिए दौड़े लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर हटाया और हमला करता रहा. हमले के दौरान आरोपी ने नागमल्लैया का सिर धड़ से अलग कर दिया और सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा कि उसने सिर को पार्किंग में लात मारी और बाद में उसे कूड़ेदान में फेंक दिया.
पुलिस ने मौके पर किया गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद पास ही मौजूद डलास फायर-रेस्क्यू कर्मियों ने आरोपी का पीछा किया और खून से सने आरोपी को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है. पुलिस यह जांच कर रही है कि यह हमला अचानक गुस्से में किया गया या पहले से साजिश रची गई थी.