अमेरिका की एक महिला ने इमिग्रेशन एंड कस्टम एनफोर्समेंट (ICE) पर आरोप लगाया है उन्होंने उसके दो साल के बेटे के बिना ही उसे देश से बाहर निकाल दिया था, जिसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. बाद में ICE ने उसकी मां को ही अपने बच्चो को पीछे छोड़ने के लिए दोषी ठहराया.
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, होंडुरास की महिला वेंडी हर्नांडेज रेयेस ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से गुहार लगाई थी कि उसे उसके बेटे ओरलिन जोस्यू हर्नांडेज रेयेस के बिना होंडुरास वापस ना भेजा जाए लेकिन जनवरी में उसे अकेले ही वापस भेज दिया गया.
मां से बिछड़े दो साल के ओरलिन जोस्यू हर्नांडेज रेयेस की बाद में मार्च में फ्लोरिडा के एस्कैम्बिया काउंटी में अपने चाचा के साथ हुए मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि बच्चे की कई पसलियां टूटी हुई थीं, उसका पैंक्रियाज कट गया था और शरीर पर जलने के निशान थे, उसके साथ यौन शोषण के भी संकेत मिले थे. बाद में हत्या के आरोपों में उसके चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया था.
आईसीई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बच्चे की मौत पर कहा कि वेंडी ने अपने बेटे को एक हिंसक हत्यारे के पास छोड़ने का फैसला किया था जिसने उसकी बेरहमी से जान ले ली.
आईसीई ने कहा इस नन्हे बच्चे को बहुत ज्यादा तकलीफ उठानी पड़ी और उसकी मौत हो गई. उसकी मां ने उसे माल्डोनाडो-एराजो के पास देखभाल के लिए छोड़ दिया था जो खुद एक अवैध प्रवासी है, जिसे असल में इस देश में होना ही नहीं चाहिए था.
वहीं आईसीई के डायरेक्टर टॉड. लायंस ने कहा, 'मैं माता-पिता को प्रोत्साहित करता हूं कि वे अपने बच्चों के साथ स्वेच्छा से देश छोड़कर चले जाएं लेकिन अगर वे ऐसा न करने का फैसला करते हैं तब भी आईसीई उन्हें अपने बच्चों के साथ देश से निकल जाने का अवसर देता है लेकिन इस विकल्प के बावजूद रेयेस ने अपने बेटे को हिंसक हत्यारे के पास छोड़ने का फैसला किया जिसने उसकी जान ले ली.'
हालांकि रेयेस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने अधिकारियों से गुहार लगाई थी कि वे उसे उसके बेटे से मिला दिया जाए. उसने कहा, 'मैं अपने बेटे को कैसे छोड़ सकती थी जबकि मेरा बेटा ही मेरे लिए सब कुछ था. वह मेरी जिंदगी था. मैं कोई बुरी मां नहीं हूं जिसने अपने बेटे को कातिल के पास छोड़ दिया हो.' जनवरी में वेंडी अपनी बहन के साथ अलबामा में सफर कर रही थी जब पुलिस ने काम पर जाते समय उसकी कार रोक ली. वह कंक्रीट की नींव डालने का काम करती थी.