इजराइल के गोलान हाइट्स में हिजबुल्लाह का हमला, रॉकेट अटैक में बच्चों समेत 12 लोगों की मौत

Hezbollah Rocket Attack On Israel: आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल के नियंत्रण वाले गोलान हाइट्स पर रॉकेट दाग दिया है. हमले में अब तक 12 लोगों की मौत हुई है. इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों की है. मृतकों की उम्र 10 से 20 साल के बीच है. इजराइली सेना के मुताबिक, फुटबॉल पिच पर गिरा रॉकेट ईरान निर्मित फलक-1 था और अली मुहम्मद याह्या नाम के हिजबुल्लाह कमांडर ने हमले का निर्देश दिया था

Social Media
India Daily Live

Hezbollah Rocket Attack On Israel: लेबनान से इजराइल के गोलान हाइट्स में रॉकेट हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 34 लोग घायल हो गए. घायलों में 17 लोगों की हालत गंभीर है. इजराइल ने इस हमले के लिए हिज़्बुल्लाह को दोषी ठहराया है. कहा जा रहा है कि इजराइल जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच तनाव और भी बढ़ गया है. इजरायली अधिकारियों के अनुसार, इजरायली नियंत्रण वाले गोलान हाइट्स में एक फुटबॉल मैदान पर रॉकेट हमले में शनिवार को कम से कम 12 लोग मारे गए. 

इजरायल ने हमले के लिए हिजबुल्लाह को दोषी ठहराया है, लेकिन हिजबुल्लाह ने हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार कर दिया. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि हिजबुल्लाह को इस हमले की भारी कीमत चुकानी होगी. इजरायली सेना के मुख्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगरी ने कहा कि 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से इजरायली नागरिकों पर सबसे घातक हमला है, जिसने गाजा में चल रहे युद्ध को भड़का दिया है.

इजराइली विदेश मंत्री बोले- हिजबुल्लाह ने पार की सारी सीमाएं

विदेश मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि हिजबुल्लाह ने सभी रेखाएं पार कर ली हैं और जब हम इसका जवाब देंगे, तो इसका असर दिखेगा. उन्होंने कहा कि हम उस क्षण के करीब पहुंच रहे हैं जब हमें एक पूर्ण युद्ध का सामना करना पड़ेगा. उधर, घटना की जानकारी के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने घोषणा की कि अमेरिका से लौटने के बाद पीएम सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाएंगे.

नेतन्याहू की सरकार के दक्षिणपंथी सदस्यों ने हिजबुल्लाह के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की अपील की है. हालांकि, हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग के मैदान में कूदना इजराइल के लिए इतना आसान नहीं होगा, क्योंकि इजराइल पहले से ही हमास के खिलाफ पिछले 10 महीनों से जंग लड़ रहा है. 

7 जुलाई को भी हिजबुल्लाह ने इजराइल पर दागे थे रॉकेट

इससे पहले लेबनान समर्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने 7 जुलाई को भी इजराइल पर रॉकेट दागे थे. एसोसिएट प्रेस के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने इजराइल पर 200 से ज्यादा रॉकेट दागे थे. साथ ही ड्रोन से भी इजराइल पर हमला कर मिलिट्री कैंप को निशाना बनाया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल की ओर से लेबनान के टायरे इलाके में एक हमला किया गया था, जिसमें हिजबुल्लाह का टॉप कमांडर मुहम्मद निमाह नासिर मारा गया था.  कमांडर की मौत का बदला लेने के लिए हिजबुल्लाह की ओर से इजराइल पर ये हमला किया गया था.