'200 डॉलर प्रति बैरल के लिए हो जाइए तैयार', दुनिया के लिए ईरान का 'ऑयल अल्टीमेटम'; तेल की आग में झुलसेगा वैश्विक बाजार!

मध्य पूर्व में जारी भीषण युद्ध अब वैश्विक ऊर्जा बाजार को हिलाने के लिए तैयार है. ईरान ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अस्थिरता के कारण कच्चे तेल की कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनिया भर के देशों की नींद उड़ा दी है. इजरायल और अमेरिका के साथ बढ़ते टकराव के बीच ईरान ने अब ऊर्जा के मोर्चे पर बड़ा हमला बोला है. ईरानी सैन्य कमान का मानना है कि अमेरिका द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा को अस्थिर करने का खामियाजा पूरी दुनिया को भुगतना पड़ेगा. शिपिंग लेन और महत्वपूर्ण गलियारों पर बढ़ते खतरे ने तेल की आपूर्ति को संकट में डाल दिया है. जिससे वैश्विक बाजारों में हाहाकार मचने की आशंका बढ़ गई है.

ईरान की सैन्य कमान ने वैश्विक समुदाय को आगाह किया है कि वे कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले ऐतिहासिक उछाल के लिए तैयार रहें. सैन्य प्रवक्ता इब्राहिम जोलफकारी ने सीधे तौर पर अमेरिका को संबोधित करते हुए कहा कि तेल की कीमतें क्षेत्रीय सुरक्षा पर निर्भर करती हैं, जिसे अमेरिका ने पूरी तरह अस्थिर कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि हालात नहीं सुधरे. तो कच्चे तेल का भाव 200 डॉलर प्रति बैरल के पार चला जाएगा.

हमलों की रणनीति में बड़ा बदलाव 

ईरान ने अपनी सैन्य रणनीति में भी बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं. प्रवक्ता इब्राहिम जोलफकारी ने चेतावनी दी है कि अब ईरान केवल 'जवाबी कार्रवाई' या सीमित हमलों तक सीमित नहीं रहेगा. इसके बजाय ईरान अब इजरायल और अमेरिका के खिलाफ निरंतर और अथक हमले शुरू करने की योजना बना रहा है. यह कड़ा रुख दिखाता है कि ईरान अब आर-पार की जंग के मूड में है, जिससे आने वाले दिनों में संघर्ष और भी हिंसक हो सकता है.

होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ता खतरा 

मिडिल ईस्ट का युद्ध अब समुद्र के उन रास्तों तक पहुंच गया है, जहां से दुनिया के तेल का बड़ा हिस्सा गुजरता है. होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में मिसाइलों, ड्रोनों और नौसैनिक हमलों की वजह से आवाजाही लगभग ठप होने की कगार पर है. इस महत्वपूर्ण जलमार्ग के चोक होने का मतलब है कि दुनिया भर की तेल रिफाइनरियों तक कच्चे तेल की पहुंच बाधित हो जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह चरमरा सकती है.

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संकट के बादल 

तेल की कीमतों में अचानक होने वाली यह वृद्धि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के लिए विनाशकारी साबित हो सकती है. विशेष रूप से विकासशील देशों के लिए 200 डॉलर का तेल खरीदना नामुमकिन होगा. परिवहन लागत बढ़ने से महंगाई आसमान छूने लगेगी और वैश्विक विकास दर में भारी गिरावट आएगी. ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान की यह चेतावनी केवल एक धमकी नहीं है, बल्कि मौजूदा युद्ध की बदलती दिशा का एक खतरनाक संकेत है.

सुरक्षा और स्थिरता की चुनौती 

ईरान का यह संदेश साफ है कि बिना क्षेत्रीय सुरक्षा के वैश्विक ऊर्जा बाजार सुरक्षित नहीं रह सकता. अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ती सैन्य प्रतिद्वंद्विता ने कूटनीतिक समाधान के दरवाजों को लगभग बंद कर दिया है. दुनिया भर के देश अब इस बात को लेकर चिंतित हैं कि यदि यह संघर्ष और फैला, तो इसका असर केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा. बल्कि हर आम इंसान की जेब और रसोई तक पहुंचेगा. यह स्थिति पूरी दुनिया के लिए चुनौतीपूर्ण है.