फ्रांस में दर्दनाक विमान हादसा, पैराशूट स्कूल के विमान के क्रैश होने से 11 लोगों की मौत
फ्रांस के उत्तर-पूर्वी शहर टॉम्बलेन में रविवार को एक नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत सभी 11 लोगों की मौत हो गई.
फ्रांस के उत्तर-पूर्वी शहर टॉम्बलेन में रविवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ,जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. स्काइडाइविंग के लिए उड़ान भरने वाला एक नागरिक विमान उड़ान के कुछ समय बाद दुर्घटनाग्रस्त होकर कई टुकड़ों में बिखर गया. हादसे में 11 लोगों की जान चली गई. राहत की बात यह रही कि तीन लोग विमान गिरने से पहले बाहर निकलने में सफल रहे. हादसे के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया.
पायलट, प्रशिक्षक और छात्र हादसे का शिकार
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतकों में विमान का पायलट, पांच स्काइडाइविंग प्रशिक्षक और पांच छात्र शामिल बताए जा रहे हैं. हालांकि प्रशासन ने अभी तक सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान जारी नहीं की है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और मेडिकल टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. बचाव दल ने इलाके को सुरक्षित करते हुए शवों को बाहर निकालने और पूरे क्षेत्र की तलाशी का काम शुरू किया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया.
इलाके को किया गया पूरी तरह सील
विमान दुर्घटना के बाद पुलिस ने साल्वाडोर अलेंदे स्ट्रीट और आसपास के पूरे क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया. लोगों से अपील की गई कि वे घटनास्थल के पास न जाएं, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. पुलिस ने स्पष्ट कहा कि आपातकालीन सेवाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आम लोगों को क्षेत्र से दूर रहना चाहिए. अधिकारियों ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है.
Also Read
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन के अनुसार यह नागरिक विमान नैन्सी-एसे एयरोड्रोम से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ. घटना के तुरंत बाद मेउर्थ-ए-मोसेल प्रशासन ने विभागीय आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय कर दिया, जहां से पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. जांच एजेंसियां विमान के मलबे की विस्तृत जांच करेंगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुई.