झुका सिर, बंधे हाथ और खून के छींटे... फ्लाईदुबई विमान के आरोपी को-पायलट की पहली तस्वीर आई सामने
इजरायल जा रहे फ्लाइदुबई विमान को हाईजैक करने की कोशिश करने के आरोपी को-पायलट की पहली तस्वीर सामने आई है. तस्वीर में उसने सिर झुका रखा है, उसके हाथ बंधे हुए हैं और उसके चेहरे और कपड़ों पर खून के छींटे साफ दिखाई दे रहे हैं.
इजरायल जा रहे फ्लाइदुबई विमान को हाईजैक करने की कोशिश करने के आरोपी को-पायलट की पहली तस्वीर सामने आई है. तस्वीर में उसने सिर झुका रखा है, उसके हाथ बंधे हुए हैं और उसके चेहरे और कपड़ों पर खून के छींटे साफ दिखाई दे रहे हैं. एक तरफ जहां पूरी दुनिया अपनी जान पर खेलकर 180 यात्रियों को बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मछार की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है. वहीं दूसरी तरफ लोगों के मन में इस को-पायलट को लेकर बस एक ही सवाल है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया?
ओमान का नागरिक है आरोपी
इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन स्मित मछार को चाकू मारने वाला को-पायलट ओमान का नागरिक है. उन्होंने इस हमले को जिहादी आतंकी हमला बताते हुए कहा कि अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है लेकिन दावा किया कि इसका मुख्य मकसद इजरायल-UAE संबंधों और अब्राहम समझौते को मटियामेट करना था. उन्होंने कहा कि इजरायल यूएई से को-पायलट के प्रत्यर्पण की मांग करेगा
क्या ये आतंकवादी घटना थी, यूएई करेगा जांच
वहीं यूएई के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि यूएई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की है. उन्होंने कहा कि जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि क्या यह एक आतंकी गतिविधि, सुनियोजित या किसी के निर्देश से जुड़ी थी. उन्होंने बताया कि जांच का अधिकार केवल यूएई के पास है क्योंकि यह विमान इसी देश में पंजीकृत है.
Also Read
आरोपी की पहचान उजागर नहीं
हालांकि अभी तक आरोपी को-पायलट की पहचान उजागर नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने इस घटना को अंजाम क्यों दिया.
इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित था को-पायलट- नेतन्याहू
वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है आरोपी को-पायलट इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित था. उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
पूरी घटना के बारे में
बता दें कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में यह घटना हुई थी. यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी और इसमें करीब 180 यात्री सवार थे जिसमें से करीब 166 लोग इजरायली नागरिक थे. दो पायलटों के बीच हुए कथित झगड़े के बाद इस विमान की सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी. इस विमान को भारतीय नागरिक स्मित मछार उड़ा रहे थे. को-पायलट के हमले में वह बुरी तरह से जख्मी हुए हैं और उनका इलाज जारी है. यात्रियों ने कहा कि झगड़े के दौरान विमान तेजी से अपनी ऊंचाई खोने लगा. फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों से पता चला है कि विमान एक मिनट में 17000 फीट नीचे आ गया था.