US Israel Iran War

'अगर डील नहीं मानी तो उनके पावर प्लांट और पुल तबाह कर देंगे', इस्लामाबाद वार्ता से पहले ट्रंप ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने नई डील नहीं मानी तो हर पावर प्लांट और पुल तबाह कर दिया जाएगा. ट्रंप ने होर्मुज में गोलीबारी को सीजफायर का उल्लंघन बताया.

@BRICSinfo
Sagar Bhardwaj

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को बड़ी धमकी दी है. ट्रुथ सोशल पर लिखी पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी करके संघर्षविराम समझौते का गंभीर उल्लंघन किया है. ट्रंप ने दावा किया कि ये गोलियां फ्रांसीसी जहाज और ब्रिटेन के मालवाहक जहाज को निशाना बनाकर चलाई गईं. उन्होंने कहा कि उनकी टीम सोमवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद जा रही है, जहां वार्ता होगी. ट्रंप ने साफ कहा कि अगर ईरान ने उनकी 'पारदर्शी और उचित' डील को नहीं माना, तो अमेरिका ईरान के हर पावर प्लांट और हर पुल को तबाह कर देगा. उन्होंने लिखा, 'अब नरम रुख नहीं चलेगा.'

होर्मुज में गोलीबारी, ट्रंप ने बताया सीजफायर का उल्लंघन

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी करके संघर्षविराम का उल्लंघन किया. उन्होंने कहा कि कई गोलियां एक फ्रांसीसी जहाज और ब्रिटेन के मालवाहक जहाज को निशाना बनाकर चलाई गईं. ट्रंप ने इसे 'अच्छी बात नहीं' बताया. उन्होंने कहा कि ईरान ने हाल ही में यह घोषणा भी की कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर रहे हैं. ट्रंप ने इसे अजीब बताते हुए कटाक्ष किया कि अमेरिकी नाकाबंदी ने इसे पहले ही बंद कर रखा है. उन्होंने कहा कि ईरान बिना जाने ही अमेरिका के काम कर रहा है. ट्रंप ने दावा किया कि बंद मार्ग से सबसे ज्यादा नुकसान ईरान को ही हो रहा है, जहां रोजाना करीब 50 करोड़ डॉलर का नुकसान हो रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका को इस बंद से कोई नुकसान नहीं पहुंच रहा.

अमेरिका को नहीं नुकसान, टेक्सास से तेल लोड हो रहा

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि होर्मुज बंद होने से अमेरिका का कुछ भी नुकसान नहीं हो रहा. उनके अनुसार, कई जहाज अभी अमेरिका की ओर जा रहे हैं और टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का से तेल लोड हो रहा है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह सब ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की मेहरबानी से हो रहा है, जो हमेशा 'ताकतवर' बनने की कोशिश करते हैं. ट्रंप ने कहा कि वे एक बहुत ही निष्पक्ष और उचित डील पेश कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि ईरान इसे स्वीकार कर ले. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने यह डील नहीं मानी तो अमेरिका ईरान के हर पावर प्लांट और हर पुल को तबाह कर देगा.

'अब नरम रुख नहीं चलेगा'

ट्रंप ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, 'नो मोर मिस्टर नाइस गाय' यानी अब नरम रुख नहीं चलेगा. उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने डील नहीं मानी, तो जो करना होगा वह करना उनके लिए सम्मान की बात होगी. उन्होंने कहा कि पिछले 47 वर्षों से जो काम अन्य राष्ट्रपतियों को ईरान के साथ करना चाहिए था, वह वह करेंगे. ट्रंप ने कहा कि अब ईरान की 'किलिंग मशीन' (हत्या मशीन) को खत्म करने का समय आ गया है. यह धमकी ऐसे समय में आई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है. ट्रंप के इस बयान ने पूरे विश्व में हलचल मचा दी है. अब देखना यह होगा कि इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता का क्या परिणाम निकलता है और ईरान इस धमकी पर क्या प्रतिक्रिया देता है.