Budget 2026

राष्ट्रपति पद संभालते ही डोनाल्ड ट्रंप का एक्शन, अमेरिका संसद पर हमला करने वालों को दिया क्षमादान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वह छह जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन परिसर (यूएस कैपिटल) पर हुए हमले के आरोपियों एवं अपने लगभग 1,500 समर्थकों को क्षमादान दे रहे हैं.

Social Media
Babli Rautela

Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वह छह जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन परिसर (यूएस कैपिटल) पर हुए हमले के आरोपियों एवं अपने लगभग 1,500 समर्थकों को क्षमादान दे रहे हैं.

ट्रंप ने पदभार संभालने के पहले ही दिन अपनी व्यापक क्षमादान शक्तियों का उपयोग किया और इस प्रकार से अमेरिकी न्याय विभाग के इतिहास में किसी मामले से जुड़ी सबसे बड़ी जांच और अभियोजन को समाप्त कर दिया.

ट्रंप का यह कदम अपेक्षित था, क्योंकि उन्होंने अपने चुनाव प्रचार अभियान में इसका जिक्र किया था. संसद भवन परिसर पर ट्रंप के समर्थकों के हमले में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी घायल हो गए थे और शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता हस्तांतरण को लेकर आशंका पैदा हो गई थी.

यूएस कैपिटल हमले में 1500 समर्थकों को माफी

ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल को छह जनवरी के प्रतिवादियों के खिलाफ दायर लगभग 450 मामलों को बंद करने का भी निर्देश दिया है. उन्होंने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास तथा कार्यालय) में वापसी से पहले कहा था कि वह छह जनवरी के प्रतिवादियों के प्रत्येक मामले पर गौर करेंगे.

वहीं, उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि दंगे के दौरान हुई हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को ‘‘स्पष्ट रूप से’’ माफ नहीं किया जाना चाहिए. ट्रंप ने दंगाइयों को ‘‘देशभक्त’’ करार दिया था कहा था कि न्याय विभाग ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)