नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरुमध्य का नाम बदलकर Trump Strait करने का सुझाव दिया. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशलl पर यह बात कही. ट्रंप ने लिखा कि अब जब यह इलाका अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या Hormuz Strait का नाम बदलकर Trump Strait कर देना चाहिए. उन्होंने इसे अमेरिका की तरह और ज्यादा गर्म होने वाली जगह बताया.
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थान का नाम बदलने की बात कही है. कुछ दिन पहले उन्होंने Lake Ontario का नाम बदलकर Lake America करने का सुझाव दिया था. इससे पहले जनवरी 2025 में राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने Gulf of Mexico का नाम बदलकर Gulf of America कर दिया था. ट्रंप के ऐसे कई बयान शुरुआत में मजाक या टिप्पणी जैसे लगे, लेकिन बाद में उन्होंने कुछ नामों को आधिकारिक रूप देने की कोशिश भी की.
होर्मुज जलडमरुमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है. यह समुद्री रास्ता दुनिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया के करीब एक-पांचवें हिस्से का तेल इसी रास्ते से गुजरता है. ट्रंप पिछले कुछ हफ्तों से इस क्षेत्र पर अमेरिकी नियंत्रण की बात करते रहे हैं. उन्होंने एक नक्शा भी साझा किया था, जिसमें होर्मुज जलडमरुमध्य को नए अमेरिकी क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था.
ईरान ने युद्ध के जवाब में इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है. मंगलवार को अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरुमध्य के पास ईरान के खिलाफ नए हमले किए. ट्रंप के अनुसार, ये हमले ईरान की ओर से समुद्र में नई बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश के जवाब में किए गए.