'ईरान को अवैध टोल नहीं वसूलने देंगे', शांति वार्ता फेल होने पर भड़के ट्रंप, होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक नाकेबंदी का दिया आदेश
ट्रंप ने कहा कि जो भी ईरान को अवैध टोल या कर देगा उसे अमेरिकी नौसेना सुरक्षित मार्ग नहीं देगी. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान का कोई भी व्यक्ति अगर हम पर या किसी शांतिपूर्ण जहाज पर गोली चलाएगा, तो उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा.
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में करीब 20 घंटे तक चली ईरान-अमेरिका वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई. माना जा रहा है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को बंद न करने पर अड़ा रहा जिसकी वजह से यह वार्ता असफल रही. इस वार्ता के विफल होने के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना अब हॉर्मुज जलडमरूमध्य से आने-जाने वाले सभी जहाजों की नाकाबंदी शुरू करेगी.
अमेरिकी नौसेना करेगी सख्त नाकाबंदी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया और आधिकारिक बयान में साफ किया कि अमेरिकी नौसेना हॉर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने या वहां से निकलने वाले हर जहाज को रोकना शुरू कर देगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने इस जलमार्ग को खुला रखने के अपने वादों को निभाया नहीं है. ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर से समुद्री सुरंगों (माइन्स) की धमकियों ने पहले ही शिपिंग गतिविधियों को प्रभावित किया है. उन्होंने सवाल उठाया कि कौन सा जहाज मालिक यह जोखिम उठाना चाहेगा कि कहीं उसके रास्ते में कोई बारूदी सुरंग न हो. ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अन्य देश भी इस नाकाबंदी में शामिल हो सकते हैं.
परमाणु मुद्दे पर नहीं बनी सहमति
ट्रंप ने खुद बताया कि इस्लामाबाद में हुई लंबी वार्ता में कई मुद्दों पर सहमति बन गई थी, लेकिन सबसे अहम मुद्दा यानी ईरान का परमाणु कार्यक्रम अटक गया. उन्होंने कहा, ‘ईरान अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर डटा हुआ है.’ ट्रंप ने अपनी पुरानी बात दोहराते हुए कहा कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि बिना इस मुद्दे पर हल निकले, कूटनीति जारी रखना स्वीकार्य नहीं होगा. इस वार्ता में पाकिस्तान ने मध्यस्थता की थी. ट्रंप ने बताया कि उन्हें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और वरिष्ठ राजदूतों ने बातचीत के बाद पूरी स्थिति से अवगत कराया.
‘ईरान को मिलेगा करारा जवाब’
ट्रंप ने ईरान पर ‘विश्व उच्चादान’ (वर्ल्ड एक्सटॉर्शन) का आरोप लगाते हुए कहा कि जो भी ईरान को अवैध टोल या कर देगा, उसे अमेरिकी नौसेना सुरक्षित मार्ग नहीं देगी. उन्होंने चेतावनी दी, ‘ईरान का कोई भी व्यक्ति अगर हम पर या किसी शांतिपूर्ण जहाज पर गोली चलाएगा, तो उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा.’ ट्रंप का दावा है कि ईरान की सैन्य क्षमताएं पहले ही काफी हद तक खत्म हो चुकी हैं. उनके अनुसार, ईरान की नौसेना और वायु रक्षा प्रणालियां लगभग बेअसर हो चुकी हैं. अमेरिका ने यह भी कहा कि वह जलडमरूमध्य में किसी भी समुद्री सुरंग को नष्ट करना शुरू कर देगा.
वैश्विक तेल व्यापार पर संकट के बादल
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है. यहां से दुनिया के कुल तेल उत्पादन का लगभग 20 प्रतिशत गुजरता है. अमेरिका की इस नाकाबंदी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ सकता है. भारत जैसे देशों के लिए यह बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का अधिकांश तेल इसी रास्ते से आयात करता है. विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के इस कदम से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ेगा. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि अन्य देश इस नाकाबंदी का समर्थन करेंगे या नहीं. फिलहाल वैश्विक बाजारों में दहशत का माहौल है और सभी की निगाहें अगले कूटनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं.