डोनाल्ड ट्रंप का एक फैसला और 'वैलेंटाइन चौपट...,' टेंशन में अमेरिका के प्रेमी 

डोनाल्ड ट्रंप के एक फैसले ने अमेरिका के युवाओं को चिंता में डाल दिया है. वैलेंटाइन डे नजदीक है और कोलंबिया से विवाद बढ़ गया है, ऐसे में फूल की कीमत दोगुना होने की उम्मीद है.

x
Kamal Kumar Mishra

Donald Trump: वैलेंटाइन डे के नजदीक आते ही अमेरिकी नागरिकों में एक नई चिंता उभरने लगी है कि क्या इस बार उन्हें फूलों और कॉफी के लिए ज्यादा पैसे चुकाने होंगे. दरअसल, ट्रंप प्रशासन के फैसलों के कारण अमेरिका और कोलंबिया के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ने की संभावना है, जिसका असर फूल, कॉफी और कच्चे माल की कीमतों पर पड़ सकता है.

डोनाल्ड ट्रंप, जो अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति हैं, के पहले हफ्ते के फैसले काफी चर्चा में रहे हैं. आम तौर पर राष्ट्रपति अपने चुनावी वादों को पूरा करने में समय लेते हैं, लेकिन ट्रंप ने बहुत जल्द अपनी नीतियों को बदलते हुए सबको चौंका दिया. चुनावी प्रचार के दौरान उन्होंने वादा किया था कि वे अमेरिकी नागरिकों के लिए खाद्य पदार्थों की कीमतें घटाएंगे, लेकिन उनके प्रशासन के ताजे फैसलों से कीमतें बढ़ने की संभावना बन गई है. 

50 प्रतिशत टैरिफ का मसला

यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब कोलंबिया ने अमेरिकी सैन्य विमानों से निर्वासित प्रवासियों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसके जवाब में ट्रंप ने ट्विटर पर घोषणा की कि वह कोलंबिया से आयातित उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाएंगे और इसे एक हफ्ते के भीतर 50% तक बढ़ा देंगे. 

इस कदम के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर अमेरिका ने इस टैरिफ को बढ़ाया, तो वे भी अमेरिका पर 50% टैरिफ लगाएंगे. ध्यान देने वाली बात यह है कि कोलंबिया अमेरिका को काफी बड़ी मात्रा में फूलों और कॉफी की सप्लाई करता है, ऐसे में अगर टैरिफ लागू होते हैं, तो अमेरिकी बाजार में इन वस्तुओं की कीमतें बहुत बढ़ सकती हैं. 

क्या कह रहे अमेरिका के लोग

वैलेंटाइन डे के करीब आते ही अमेरिकी नागरिक सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर करने लगे हैं. कुछ यूजर्स मजाकिया लहजे में कह रहे हैं कि अगर टैरिफ बढ़ा तो शायद इस बार फूलों और कॉफी के बिना ही वैलेंटाइन मनाना पड़े. कुछ ने तो यह भी कह दिया कि इस बार फूलों और कॉफी के साथ-साथ एक नया टैक्स भी चुकाना पड़ेगा. 

हालांकि, ताजे अपडेट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि कोलंबिया अब अमेरिकी सैन्य विमानों से प्रवासियों को स्वीकार करने के लिए तैयार है. इसके बाद अमेरिका ने कोलंबिया पर कोई टैरिफ नहीं लगाने का निर्णय लिया है. इस फैसले से अब वैलेंटाइन डे से पहले फूलों और कॉफी की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना समाप्त हो गई है.