चीन के जासूस ने एलन मस्क को कराया था डिनर... डोनाल्ड ट्रंप के बीजिंग दौरे को लेकर हुआ चौंकाने वाला खुलासा

डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के चीन दौरे से जुड़ी एक डिनर पार्टी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. ब्लॉगर जेनिफर जेंग ने दावा किया कि डिनर में मौजूद वेट्रेस असल में चीनी सेना की अधिकारी थी.

X
Ashutosh Rai

अमेरिका और चीन के रिश्तों के बीच एक नया विवाद सामने आया है. सोशल मीडिया पर किए गए एक सनसनीखेज दावे ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है. चीन दौरे के दौरान आयोजित एक स्टेट डिनर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कारोबारी एलन मस्क के आसपास मौजूद एक महिला को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि वह एक वेट्रेस नहीं थी. वह चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी यानी PLA की वरिष्ठ अधिकारी थी.

डिनर पार्टी को लेकर मचा बवाल

चीन में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल स्टेट डिनर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हो गया. चीन विरोधी ब्लॉगर जेनिफर जेंग ने दावा किया कि डिनर के दौरान एलन मस्क के पीछे खड़ी महिला एक साधारण वेट्रेस नहीं थी. उन्होंने दावा किया कि वह PLA की मेजर चेंग चेंग थी. उन्होंने कई तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वही महिला सेना की वर्दी में भी दिखाई देती हैं.

कौन हैं मेजर चेंग चेंग?

चेंग चेंग चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की चर्चित महिला अधिकारियों में गिनी जाती हैं. उनका जन्म शेडोंग प्रांत में हुआ था. उन्होंने कम उम्र में सेना जॉइन की थी. शुरुआत में वे कम्युनिकेशन यूनिट में थी लेकिन बाद में उन्हें पीएलए ऑनर गार्ड सेरेमोनियल ब्रिगेड में शामिल किया गया. वे कई बड़े राष्ट्रीय आयोजनों और सैन्य परेड का हिस्सा रह चुकी हैं. चेंग चेंग को चीन की पहली महिला ऑनर गार्ड कमांडर के तौर पर भी पहचान मिली.

दावों पर अब तक नहीं मिली पुष्टि

जेनिफर जेंग के दावों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. चीन सरकार, चीनी मीडिया या अमेरिकी प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया गया. स्वतंत्र एजेंसियां भी अभी तक तस्वीरों में दिख रही महिला की पहचान नहीं कर सकी हैं.

चीन की खुफिया रणनीति पर उठे सवाल

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि चीन पर पहले भी विदेशी नेताओं और उद्योगपतियों की निगरानी के आरोप लगते रहे हैं. अमेरिका में कई मामलों में चीनी एजेंटों पर राजनीतिक और कारोबारी प्रभाव बढ़ाने के प्रयासों का आरोप लगा चुका है.