चीन में गिरती जन्म दर से बढ़ा जनसंख्या संकट, 2025 में सिर्फ इतने बच्चों का हुआ जन्म
चीन में 2025 के दौरान जन्म दर में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. नेशनल हेल्थ कमीशन के आंकड़ों के मुताबिक देश में मौतों की तुलना में पैदा होने वाले बच्चों की संख्या काफी कम रही.
चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन (NHC) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में देश की जन्म दर में एक बार फिर भारी गिरावट आई है. वर्ष 2025 के दौरान चीन में केवल 7.92 लाख नवजात शिशुओं का जन्म हुआ, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है. 2024 में थोड़ा सुधार देखने के बाद यह आंकड़ा फिर से नीचे गिर गया है.
जन्म और मृत्यु दर का बड़ा अंतर
साल 2025 के अंत तक चीन की कुल आबादी 1.4 अरब दर्ज की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, देश में प्रति 1,000 लोगों पर जन्म दर 5.63 रही, जबकि मृत्यु दर 8.04 प्रति हजार दर्ज की गई. वर्ष 2025 में कुल 1.13 करोड़ मौतें हुईं, जिसके कारण चीन की प्राकृतिक जनसंख्या वृद्धि दर नकारात्मक होकर -2.41 प्रति हजार पर पहुंच गई.
पिछले वर्षों का रुझान
आंकड़ों पर नजर डालें तो चीन में 2021 में 1.06 करोड़, 2022 में 95.6 लाख, 2023 में 90.2 लाख और 2024 में 95.4 लाख बच्चों का जन्म हुआ था. 2024 में थोड़ी बढ़ोतरी के बाद 2025 में जन्म संख्या गिरकर 7.92 लाख रह गई, जो सरकार के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन चुका है.
Also Read
सरकार के प्रोत्साहन और प्रयास
जनसंख्या में आ रही इस गिरावट को रोकने के लिए चीनी सरकार ने कई तरह की छूट और नीतियां लागू की हैं. वर्ष 2025 में सरकार ने तीन साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 3,600 युआन प्रति वर्ष की राष्ट्रीय चाइल्डकेयर सब्सिडी शुरू की. इसके अलावा शिक्षा, रोजगार, टैक्स और आवास से जुड़ी नीतियों में राहत देकर बच्चों के पालन-पोषण का खर्च कम करने का प्रयास किया जा रहा है.