जुमे की नमाज के दौरान पाकिस्तान के कोहाट में कार बम धमाका; 16 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में पुराने पुलिस लाइन्स के पास जुमे की नमाज के दौरान विस्फोट हुआ.
Kohat Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार को बड़ा धमाका हुआ. कोहाट में पुराने पुलिस लाइन्स के पास जुमे की नमाज के दौरान विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस के मुताबिक, विस्फोटक से भरी गाड़ी गेट से टकराई. इसके बाद गोलीबारी भी हुई और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया.
पुलिस लाइन्स के पास हुआ जोरदार धमाका
कोहाट में पुराने पुलिस लाइन्स के गेट के पास विस्फोटक से भरी गाड़ी के टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ. घटना के समय जुमे की नमाज चल रही थी. पुलिस के अनुसार, धमाके में पांच पुलिसकर्मियों और 11 आम नागरिकों समेत 16 लोगों की मौत हुई. 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. धमाके से मस्जिद का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार भी गिर गई. मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी की भी खबर है.
अस्पताल में 25 घायल पहुंचे
धमाके के बाद Rescue 1122 की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल ले जाना शुरू किया. कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल में इमरजेंसी घोषित की गई. शुरुआती जानकारी में अस्पताल प्रशासन ने कम से कम 25 घायलों के पहुंचने की पुष्टि की थी. वहीं बाद की रिपोर्टों में घायलों की संख्या 50 से ज्यादा बताई गई. पुलिस और सुरक्षा बलों ने पुराने पुलिस लाइन्स इलाके की घेराबंदी कर दी. कोहाट-हंगू रोड पर यातायात भी रोक दिया गया और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए.
Also Read
हमले की जांच जारी
अधिकारी धमाके की पूरी परिस्थितियों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की आतंकियों से मुठभेड़ भी हुई. स्थानीय रिपोर्टों में फितना अल-खवारिज के आतंकियों का जिक्र किया गया है, हालांकि किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना की निंदा की और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.