भारत से रिश्ते RESET करेगा बांग्लादेश! शेख हसीना के दौर को बताया असहज

बांग्लादेश ने भारत के साथ अपने रिश्तों को नए सिरे से शुरू करने की इच्छा जताई है. बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को अब आपसी हितों और सीधे द्विपक्षीय संवाद के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: बांग्लादेश ने भारत के साथ अपने रिश्तों को नए सिरे से शुरू करने की इच्छा जताई है. बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को अब आपसी हितों और सीधे द्विपक्षीय संवाद के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहने के दौरान भारत-बांग्लादेश संबंध कुछ हद तक असहज हो गए थे.

भारत के साथ रिश्तों को ‘रीसेट’ करना चाहता है बांग्लादेश:

हुमायूं कबीर ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ अपने संबंधों को रीसेट करना चाहता है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत किसी बहुपक्षीय मंच के बजाय सीधे तौर पर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को भारत के साथ संबंधों को लेकर जरूरत से ज्यादा निर्भरता वाली सोच से बाहर निकलना होगा. उनका कहना था कि भारत बांग्लादेश के लिए महत्वपूर्ण पड़ोसी है, लेकिन उसके साथ संबंधों को दूसरे देशों के साथ संबंधों के व्यापक ढांचे में देखा जाना चाहिए.

कबीर ने एक उदाहरण देते हुए कहा, ‘भारत में नाश्ता, भारत में लंच और भारत में डिनर, तो अपना खाना कब खाएंगे?” उनके इस बयान को भारत के साथ संतुलित विदेश नीति की जरूरत से जोड़कर देखा जा रहा है.


शेख हसीना के भारत आने के बाद बिगड़े रिश्ते:

भारत और बांग्लादेश के संबंध अगस्त 2024 के बाद तनावपूर्ण हुए. उस समय छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना सत्ता से बाहर हो गई थीं और भारत आ गई थीं. इसके बाद दोनों देशों के बीच कई मुद्दों को लेकर मतभेद बढ़े. बांग्लादेश अब भारत के साथ संबंधों को नए तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है.

BRICS समिट में शामिल नहीं हुए बांग्लादेश के PM:

यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट रविवार को समाप्त हुआ. बांग्लादेश ने कहा था कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान को BRICS बैठक के लिए अलग से आमंत्रित नहीं किया गया था. भारत की ओर से उन्हें BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था. इसके अलावा फरवरी में उन्हें द्विपक्षीय मुलाकात के लिए अलग निमंत्रण भी दिया गया था.

21 सितंबर को अमेरिका जाएंगे तारिक रहमान:

हुमायूं कबीर ने बताया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान 21 सितंबर से 26 सितंबर तक न्यूयॉर्क में रहेंगे. वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संभावित मुलाकात के सवाल पर कबीर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में द्विपक्षीय बैठकें अक्सर आखिरी समय पर तय होती हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करना है.