बांग्लादेश में मजदूरों से भरा ट्रक पलटा, 15 लोगों की दर्दनाक मौत; 10 घायल
बांग्लादेश के तांगाइल जिले में मजदूरों और यात्रियों को लेकर जा रहा एक ट्रक पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए. चलिए जानते हैं कैसी है वहां की स्थिति.
नई दिल्ली: बांग्लादेश के एक मुख्य हाईवे पर सोमवार तड़के लोहे की छड़ों और अतिरिक्त यात्रियों से भरा एक ट्रक पलटने से कम से कम 15 लोगों की जान चली गई और 10 अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे तांगाइल जिले के सोराटोइल इलाके में हुई, जो देश की राजधानी ढाका से 83 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित है.
अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर यात्री दिहाड़ी मजदूर थे और वे ईद-उल-अजहा के मौके पर अपने परिवारों से मिलने के लिए जा कर रहे थे. स्थानीय पुलिस प्रमुख फुआद हुसैन ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब ड्राइवर ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया.
उन्होंने आगे क्या बताया?
हुसैन ने बताया कि यह ट्रक ऐसे यात्रियों को ले जा रहा था जो लिफ्ट लेकर यात्रा कर रहे थे और यह ढाका से उत्तरी इलाके की ओर जा रहा था क्योंकि गुरुवार को पड़ने वाले इस्लामिक त्योहार ईद-उल-अजहा से पहले लोग छुट्टियों के लिए अपने घरों की ओर निकल पड़े थे. ट्रक पलट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
कैसी है घायलों की स्थिति?
सड़क दुर्घटनाओं में हर साल हजारों लोगों की जान जाती है. इस बीच इस दुर्घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल छा गया और पूरे इलाके में चीख-पुकार गूंजने लगी. घटना के बाद घायलों को तुरंत पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि शोर सुनकर वे तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और ट्रक में फंसे यात्रियों को बचाने का काम शुरू कर दिया.
यह गौरतलब है कि ट्रैफिक नियमों के ढीले-ढाले पालन, सड़कों की खराब हालत और अकुशल ड्राइवरों के कारण, 170 मिलियन से ज्यादा आबादी वाले इस देश में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में हजारों लोगों की जान चली जाती है.