पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होगा बेटा, मुजतबा खामेनेई के सामने ये कैसी मजबूरी?
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में उनके बेटे मुजतबा खामेनेई शामिल नहीं होंगे. सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित हमले की आशंका के चलते उन्हें समारोह से दूर रहने की सलाह दी है.
ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां तेज हो गई हैं. देशभर में कई दिनों तक चलने वाले शोक कार्यक्रम के बीच सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है. इसी बीच यह जानकारी सामने आई है कि उनके बेटे और वर्तमान सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई सुरक्षा कारणों से अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे. अधिकारियों को आशंका है कि समारोह के दौरान किसी संभावित हमले की कोशिश हो सकती है, इसलिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के बाद लिया फैसला
ईरानी नेतृत्व से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने मुजतबा खामेनेई को सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने की सलाह दी है. आशंका जताई जा रही है कि इतने बड़े आयोजन के दौरान किसी भी तरह का सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता है. हालांकि इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. राजधानी तेहरान समेत अन्य प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है.
4 जुलाई से शुरू होंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम संस्कार से जुड़े आयोजन 4 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि 9 जुलाई को मशहद में अयातुल्ला अली खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. समारोह में कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है. भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे. यह कार्यक्रम कई शहरों में अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा.
Also Read
लाखों नहीं, करोड़ों लोगों के पहुंचने का दावा
ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि अंतिम संस्कार में करोड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना है. संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है. उन्होंने इसे राष्ट्रीय एकजुटता का अवसर बताते हुए कहा कि जनता की भागीदारी दुनिया के लिए एक मजबूत संदेश होगी. प्रशासन का कहना है कि बड़ी भीड़ को देखते हुए यातायात, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई है.
अंतरराष्ट्रीय निगाहें अंतिम संस्कार पर टिकीं
खामेनेई के अंतिम संस्कार को केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और कूटनीतिक घटना के रूप में भी देखा जा रहा है. विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और क्षेत्रीय हालात को देखते हुए पूरी दुनिया की नजर इस आयोजन पर बनी हुई है. ईरानी प्रशासन ने कहा है कि सभी कार्यक्रम तय समय के अनुसार आयोजित किए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. आने वाले दिनों में इस आयोजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आने की संभावना है.