menu-icon
India Daily

1454 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर किया प्यार का इजहार... रोमांटिक प्रपोजल के कुछ मिनट बाद ही कपल गिरफ्तार

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर प्रपोज करने वाला रूसी कपल नीचे उतरते ही गिरफ्तार हो गया. जानिए पूरी घटना और पुलिस ने किन आरोपों में कार्रवाई की.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
1454 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर किया प्यार का इजहार... रोमांटिक प्रपोजल के कुछ मिनट बाद ही कपल गिरफ्तार

न्यूयॉर्क में एक कपल ने अपने रिश्ते को यादगार बनाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. दोनों दुनिया की मशहूर इमारतों में शामिल एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की सबसे ऊंची नोक तक पहुंच गए और वहीं अपने प्यार का इजहार किया. कुछ मिनट तक ऊंचाई पर रहने के बाद जब दोनों नीचे लौटे, तो उनका इंतजार पुलिस कर रही थी. इसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी चर्चा हो रही है.

ऊंचाई पर पहुंचकर किया प्रपोज और पहनाई अंगूठी

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस मूल के 32 वर्षीय इवान बीरकुस और 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की 1,454 फीट ऊंची चोटी पर पहुंचे. वहां इवान ने घुटनों के बल बैठकर एंजेला को अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया. दोनों ने एक-दूसरे को किस किया और करीब 10 मिनट तक इमारत की नोक पर मौजूद रहे.

चोटी पर खोला बड़ा बैनर

प्रपोजल के बाद कपल ने इमारत की नोक पर एक बड़ा बैनर भी खोला. उस पर लिखा था, 'जब प्रेम की ताकत सत्ता के मोह पर भारी पड़ती है, तभी दुनिया सच्ची शांति को पहचानती है.' यह संदेश प्रेम और शांति का प्रतीक माना जा रहा है। घटना के दौरान दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे.

नीचे उतरते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

जैसे ही दोनों नीचे पहुंचे, न्यूयॉर्क पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के अनुसार, दोनों पर सेंधमारी, लापरवाही से खतरा पैदा करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध प्रवेश और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने समेत कई आरोप लगाए गए हैं. पुलिस की बॉडीकैम फुटेज भी जारी की गई है, जिसमें गिरफ्तारी की कार्रवाई दिखाई गई है.

इमारत प्रबंधन ने दी प्रतिक्रिया

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के प्रवक्ता ने इस पूरी घटना को अनधिकृत बताया. उनका कहना है कि इस घटना से इमारत में मौजूद किरायेदारों, पर्यटकों या ऑब्जर्वेशन डेक पर मौजूद लोगों की सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं आया. हालांकि बिना अनुमति इस तरह इमारत की चोटी तक पहुंचना नियमों का उल्लंघन है.

पहले भी सुर्खियों में रह चुका है यह कपल

इवान बीरकुस और एंजेला निकोलाउ मूल रूप से रूस के मॉस्को के रहने वाले हैं और फिलहाल न्यू जर्सी के ईस्ट ऑरेंज में रहते हैं. ऊंची इमारतों पर चढ़ने के अपने शौक की वजह से यह कपल पहले भी चर्चा में रह चुका है. उनकी इसी साहसिक जिंदगी और रिश्ते पर आधारित 'स्काईवॉकर्स: ए लव स्टोरी' नाम की डॉक्यूमेंट्री वर्ष 2024 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों का भी अच्छा ध्यान मिला.