'ब्रिक्स में न जाने पर बंद की बिजली', BNP नेता का अदाणी पावर प्लांट पर अजीब दावा, भारत ने खारिज किए आरोप

बीएनपी नेता रुहुल कबीर रिजवी ने बिना साक्ष्य आरोप लगाया कि झारखंड के अदाणी पावर प्लांट में तकनीकी खराबी और बिजली आपूर्ति में कटौती बांग्लादेश पीएम द्वारा ब्रिक्स सम्मेलन से दूरी बनाने का नतीजा है.

Social Media
Sagar Bhardwaj

बांग्लादेश की सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने भारत पर साजिश का आरोप लगाया है. ढाका में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान रिजवी ने दावा किया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नई दिल्ली स्थित ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल न होने के फैसले के तुरंत बाद झारखंड स्थित अदाणी पावर प्लांट की एक इकाई बंद कर दी गई.

तकनीकी खराबी बनाम 'साजिश' का दावा

10 सितंबर को झारखंड के गोड्डा में स्थित अदाणी पावर प्लांट के बॉयलर में तकनीकी खराबी आने से 1,600 मेगावाट की एक इकाई बंद हो गई थी, जिसे 13 सितंबर तक ठीक कर लिया गया. इससे बांग्लादेश को मिलने वाली आपूर्ति घटकर आधी रह गई थी. रिजवी ने आरोप लगाया कि भारत जब चाहे तब बिजली आपूर्ति का 'स्विच ऑन और ऑफ' कर सकता है. हालांकि, भारतीय अधिकारियों और तकनीकी रिपोर्टों के अनुसार यह एक सामान्य यांत्रिक खराबी थी.

ब्रिक्स सम्मेलन के आमंत्रण पर विवाद

रिजवी ने यह भी दावा किया कि पीएम तारिक रहमान ने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए ब्रिक्स सम्मेलन में न जाने का फैसला किया. इसके विपरीत, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही स्पष्ट किया था कि भारत ने बिम्सटेक (BIMSTEC) अध्यक्ष के रूप में तारिक रहमान को ब्रिक्स आउटरीच सत्र और द्विपक्षीय वार्ता के लिए दो अलग-अलग आधिकारिक निमंत्रण भेजे थे.

बीएनपी नेता का भारत-विरोधी रुख

रुहुल कबीर रिजवी का यह बयान उनकी पुरानी भारत-विरोधी बयानबाजी का हिस्सा माना जा रहा है. इससे पहले वे भारतीय सामानों के बहिष्कार अभियानों में शामिल रहे हैं. दूसरी ओर, भारत सरकार ने लगातार यह रुख दोहराया है कि बांग्लादेश के साथ उसके संबंध जन-केंद्रित हैं और दोनों देशों के नागरिकों के साझा हितों पर आधारित हैं.