मुंबई में म्यूजिक इवेंट के दौरान युवक की मौत, महिला की बिगड़ी तबीयत, ऑर्गनाइजर की तलाश में जुटी पुलिस

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का संभावित कारण डिहाइड्रेशन माना जा रहा है. हालांकि मौत की सटीक वजह आगे की मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

x
Sagar Bhardwaj

मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार तड़के आयोजित एक म्यूजिक इवेंट के दौरान एक 28 साल के युवक की मौत हो जबकि एक महिला की तबीयत बिगड़ जाने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने यह स्प्ष्ट किया है कि शुरुआती जांच में ड्रग्स के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है, हालांकि दोनों ने शराब का सेवन किया था.

यह घटना वर्ली के NSCI डोम में आयोजित क्लैंगकुएन्स्टलर ऑल नाइट लॉन्ग नामक म्यूजिकल शो के दौरान हुई. तारदेव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवक को अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा. उसे तुरंत मालाबार हिल स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डिहाइड्रेशन से हुई मौत

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का संभावित कारण डिहाइड्रेशन माना जा रहा है. हालांकि मौत की सटीक वजह आगे की मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

महिला ने शराब और एनर्जी ड्रिंक का किया था सेवन

वहीं इवेंज में जिस 31 वर्षीय महिला की तबीयत खराब हुई, उसने पूछताछ में बताया कि उसने शराब के साथ कुछ एनर्जी ड्रिंक का सेवन किया था. महिला को इलाज के लिए जसलोक अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

ड्रग्स की ओवरडोज से इनकार 

पुलिस ने फिलहाल ड्रग्स की ओवरडोज से साफ इनकार किया है. अधिकारी ने बताया, 'हमारी अभी तक की  जांच में किसी प्रकार के ड्रग्स के प्रयोग के कोई सबूत नहीं मिले हैं. पूरी घटना को जानने के लिए इवेंट वेन्यू और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.'

पुलिस ने बताया कि तारदेव पुलिस स्टेशन में दोनों घटनाओं की अलग-अलग एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को एग्जीबिशन सेंटर में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने गए दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई थी. उस समय मौत की वजह कथित तौर पर ड्रग्स की ओवरडोज बताई गई थी. पुलिस ने बाद में उस मामले के संबंध में कई लोगों को गिरफ्तार किया था.